अप्रैल में लगी सावन की झड़ी, एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश
एक साथ सक्रिय हुए तीन से चार सिस्टम, बिजली भी गिरी
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, जिस समय सूरज की तपन से पसीने छूटना चाहिए ऐसे में शहर मंे तेज बारिश हुई जिससे मौसम में ठंडक घुलने से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन आफत की बारिश ने पूरे शहर को परेशान कर दिया। तेज बारिश होने से कई जगह फॉल्ट होने से पूरे शहर में ब्लैक आउट के हालात बने। तो कई जगह बिजली गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में पिछले तीन चार दिनों से बारिश की संभावना बन रही थी, लेकिन आसमान पर छा रहे बादल बिन बरसे गुजर रहे थे। शहर में बुधवार को भी यही हालात थे, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली ओैर आसमान पर काले बादल छा गए। कुछ देर बाद गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई जो देखते ही देखते तेज बारिश में बदल गई। जो एक घंटे से भी अधिक समय तक जारी रही। जिससे सड़कों से पानी बह निकला। मोसम विभाग की माने तो आगामी कुछ दिनों तक मौसम के यही हाल बने रहेंगे और आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
गरज-चमक के साथ बरसे बादल, कई जगह गिरी बिजली
दोपहर करीब 3 बजे मौसम बदला और आसमान पर बिजली की चमक व गड़गड़ाहट से बारिश शुरू हो गई। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी खबर है। बताया जाता है कि दुपाड़ा मार्ग पर बिजली गिरने से फॉल्ट हुआ था जिससे पूरे शहर में बिजली गुल हो गई थी। इधर बिजली कंपनी के कर्मचारियों को भी फॉल्ट ढूंढने में काफी समय लग गया जिससे शहरवासियों को काफी समय तक बिन बिजली के समय गुजारना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक कई जगह पर बिजली गुल थी।
तीन से चार सिस्टम हुए सक्रिय, हुई बारिश
मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहले ही सक्रिय था। उसके अलावा बुधवार को एक साथ तीन से चार सिस्टम सक्रिय होने से शहर में तेज बारिश हुई। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में भी इसी तरह की बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि बारिश होने से बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान भी 35 व न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान करीब 10 एमएम वर्षा दर्ज की गई।