रायसेन, सांची जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत उचेर में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ एक बड़ा जनआंदोलन शुरू हो गया है। ग्राम पंचायत के सरपंच अरविंद सिंह ने पूरे गांव को नशा, जुआ और सट्टा मुक्त बनाने का संकल्प लेते हुए जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि गांव में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रशासन के सहयोग से सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

ग्राम पंचायत में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सरपंच अरविंद सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की सेहत ही नहीं बिगाड़ता, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को भी तबाह कर देता है। शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों की लत से घरेलू कलह, अपराध और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। वहीं जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियां भी समाज में अपराध और आर्थिक नुकसान को बढ़ावा देती हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि गांव का प्रत्येक नागरिक संकल्प ले ले कि वह न स्वयं नशा करेगा और न ही किसी को नशा करने देगा, तो उचेर को एक आदर्श नशा मुक्त ग्राम बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, रोजगार और सामाजिक कार्यों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यही स्वस्थ और समृद्ध समाज की पहचान है।

नशे के कारोबारियों को दी सख्त चेतावनी

सरपंच अरविंद सिंह ने दो टूक कहा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की जानकारी प्रशासन और पुलिस तक पहुंचाई जाएगी, ताकि गांव का माहौल खराब करने वाले तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ या सट्टे की गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना दें।

ग्रामीणों ने ली सामूहिक शपथ

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने नशा नहीं करने, जुआ-सट्टे का विरोध करने तथा गांव में सामाजिक जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्त समाज ही स्वस्थ, शिक्षित और विकसित गांव की नींव है।

निरंतर चलेंगे जागरूकता अभियान

सरपंच अरविंद सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर समय-समय पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीणों के सहयोग, प्रशासन के समर्थन और सामूहिक प्रयासों से उचेर को नशा, जुआ और सट्टा मुक्त आदर्श ग्राम बनाकर पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल बनाया जाएगा।