सैफ अली खान ने ऑटो ड्राइवर भजन सिंह राणा से मुलाकात की और उन्हें गले लगाया. ये वही ऑटो ड्राइवर है, जो 16 जनवरी को चाकू से हमले के बाद उन्हें हॉस्पिटल ले गए थे. एक्टर की मां शर्मिला टैगोर ने उन्हें धन्यवाद दिया और आशीर्वाद दिया. सैफ गुरुवार रात उस हीरो ऑटो ड्राइवर से मिले जो उन्हें अस्पताल ले गया. मंगलवार को अभिनेता को लीलावती अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले उनकी लगभग पांच मिनट की छोटी मुलाकात हुई. सैफ ने राणा को गले लगाया और उनके अच्छे काम के लिए शुक्रिया कहा.

इंडिया टुडे टीवी से बात करते हुए ड्राइवर भजन सिंह राणा ने घटना की रात को याद किया. उन्होंने कहा कि जैसे ही सैफ अली खान अपने ऑटोरिक्शा में बैठे, उनका पहला सवाल था, अस्पताल पहुंचने में कितना समय लगेगा? उन्होंने कहा, ‘मैं तेजी से ऑटो चला रहा था और अचानक मुझे गेट से आवाज सुनाई दी. एक महिला मेन गेट के पास से मदद के लिए चिल्ला रही थी और कह रही थी कि रिक्शा रुको. शुरू में, मुझे नहीं पता था कि वह सैफ अली खान है.’

‘साथ में एक छोटा बच्चा और…’
ऑटो चालक ने यह भी कहा कि सैफ चलने और वाहन में चढ़ने में सक्षम था. उन्होंने कहा, ‘सैफ अली खान खुद मेरे पास आए और ऑटो में बैठ गए. वह घायल अवस्था में थे. उनके साथ एक छोटा बच्चा और एक और व्यक्ति था. मेरे ऑटो में बैठने के तुरंत बाद, सैफ अली खान ने मुझसे पूछा कि कितना टाइम लगेगा. हम आठ से दस मिनट में अस्पताल पहुंच गए थे.’

ड्राइवर ने आगे बताया, ‘उनकी गर्दन और पीठ से खून बह रहा था. उनका सफेद कुर्ता लाल हो गया था और काफी खून बह गया था. मैंने किराया भी नहीं लिया. मुझे अच्छा लग रहा है कि मैं उस वक्त उसकी मदद कर सका.’ दरअसल, सैफ अली खान को 16 जनवरी को उनके बांद्रा स्थित घर में चोरी के प्रयास के दौरान एक घुसपैठिए ने छह बार चाकू मारा था. हमले के बाद, उन्हें 2.30 बजे एक ऑटोरिक्शा में लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी दो सर्जरी की गईं.