महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना: धार में आत्म सुरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन
धार में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ महिला सुरक्षा पर प्रोत्साहित कार्यक्रम
धार, जिला प्रशासन, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं वसुधा विकास संस्थान द्वारा संचालित ‘‘महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना’’ के अंतर्गत जिले के पर्यटन स्थल धार में महिलाओं की सुरक्षा हेतु स्थानीय बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए आत्म सुरक्षा प्रशिक्षण का शुभारम्भ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,क्र.1 में किया गया। इस अवसर पर वसुधा विकास संस्थान से श्री मिथुन रावत ने कहा कि बालिकाओं के लिए यह एक अच्छा अवसर है, जहाँ वे अपने निकट इस तरह का प्रशिक्षण ले सकती है, जो भविष्य में उन्हें किसी भी आपातकालीन स्थिति में किसी अवांछित घटना से बचने में सहायक होगा। परियोजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से परियोजना काल में पर्यटन स्थल की लड़कियों को आत्म सुरक्षा का निशुल्क प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है। इसी क्रम में धार की बालिकाओं के साथ प्रशिक्षण का नया बैच शुरु किया जा रहा है। जिसमे मास्टर ट्रेनर सुश्री खुशबू पंवार द्वारा लड़कियो को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसमे बालिकाओं को किसी भी आकस्मिक स्थिति में स्वयं की रक्षा करने की तकनीकों के बारे में जानकारी देने के साथ ही उनका व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को साइबर क्राइम, इन्टरनेट सेफ्टी, महिला हेल्प लाइन, महिला डेस्क, वन स्टॉप सेंटर आदि के बारे में जागरूक करने के लिए सत्र आयोजित किये जाएगे।
मुख्य अतिथि पुलिस विभाग से महिला थाना प्रभारी सुश्री रेणु अग्रवाल ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण हर एक लड़की को लेना चाहिए क्योंकि आज के समय की यह जरूरत है। आत्म रक्षा प्रशिक्षण की क्लास आप सभी निरंतर ले, जिससे आप में आत्मविश्वास भी बढ़ेगा व साथ ही आपका शरीर भी मजबूत होगा। अगर किसी भी लड़की के साथ कुछ घटना होती है तो आपको अपना बचाव तो करना ही है लेकिन उस घटना की पुलिस थाने में रिपोर्ट भी लिखवाना जरूरी है। साथ ही उन्होंने कहा कि लड़कियों का काम सिर्फ यह नहीं है कि वह खाना बनाएं बल्कि अच्छे से पढ़ लिखकर बड़े ऑफिसर बने व खुद के नाम के साथ-साथ अपने माता-पिता का नाम भी रोशन करें। संचालन श्री राजेश खाड़ीकर (सिक्योरिटी ट्रेनर) ने किया। कार्यक्रम में श्री अभय किरकिरे, श्री ओमप्रकाश बैरागी, श्री ओमप्रकाश दया, सुश्री वंदना राठौर, शिक्षकगण व बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थे।