CWC के बहाने सदाकत आश्रम बना कांग्रेस का पावर सेंटर
24 को होगी बड़ी बैठक
पटना, कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम आज सिर्फ ईट-पत्थर का ढांचा मात्र नहीं, बल्कि कांग्रेस की जड़ों और उसकी ताजा आकांक्षाओं का संगम स्थल बन गया है।
गंगा किनारे बसे इस आश्रम में इन दिनों सियासत की गहमागहमी और नवीनीकरण का संगम है। आश्रम की दीवारों पर ताजा रंग और आंगन में सजे जर्मन हैंगर मानो यह कह रहे हों कि कांग्रेस फिर से अपने अतीत की परछाइयों से निकलकर भविष्य की राह बनाने को तैयार है।
भारतीय राजनीति के इतिहास में महत्व रखने वाले सदाकत आश्रम में आजादी के बाद पहली बार पार्टी की विस्तारित राष्ट्रीय कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक 24 सितंबर को होनी है।
इसके पहले पार्टी का प्रदेश नेतृत्व अपने नेताओं के स्वागत के लिए उत्साह और रंगत से सराबोर है। पार्टी नेतृत्व इसे न केवल एक औपचारिक बैठक बल्कि संगठन को नई ऊर्जा देने वाले अवसर के रूप में देख रहा है।