रोहित शर्मा इस दिन ले सकते हैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास
सिडनी टेस्ट तय करेगा कप्तान का भविष्य
मेलबर्न: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इस समय अपने टेस्ट करियर के सबसे खराब दौरे से गुजर रहे हैं. रोहित खुद तो खराब दौर से गुजर ही रहे हैं साथ ही उनकी कप्तानी में भी टीम का बुरा हाल है. भारतीय कप्तान रोहित ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जारी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के पिछले तीन मैचों में कोई बड़ा कमाल नहीं किया है. साथ ही उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने पिछले छह मैचों में से एक भी नहीं जीता है.
खुद की खराब और टीम के अंदर खराब कप्तानी के बाद रोहित ने अब टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का मन बना लिया है. हिटमैन ने अपने संन्यास की तारीख भी तय कर ली है.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा टेस्ट मैच 185 रनों से हारने के बाद भारतीय टीम अब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में 1-2 से पीछे हो गई है. खराब फॉर्म के बाद रोहित को खेल के सबसे लंबे प्रारूप को अलविदा कहने की जरूरत आ पड़ी है.
रोहित की कप्तानी में टीम इंडिया को एडिलेड और मेलबर्न में हार झेलनी पड़ी है. उससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी उनकी कप्तानी में भारतीय टीम को क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था. रोहित की कप्तानी में भारत अपने पिछले छह टेस्ट मैचों में कोई जीत हासिल नहीं कर सका है.
37 वर्षीय रोहित का बल्ला पिछले कुछ समय से काफी खामोश है. उन्होंने पांच पारियों में 6.2 की औसत से सिर्फ 31 रन बनाए हैं. सितंबर में बांग्लादेश सीरीज की शुरुआत के बाद से इस खिलाड़ी ने 15 पारियों में सिर्फ 10.93 की औसत से सिर्फ 164 रन बनाए हैं.
रोहित शर्मा ने रिटायरमेंट की तारीख कर ली तय
रोहित की बल्लेबाजी फॉर्म में कोई सुधार नहीं दिख रहा है और ऐसी अटकलें थीं कि मेलबर्न टेस्ट भारत के लिए उनका आखिरी टेस्ट हो सकता है. इस बीच, टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय कप्तान ने सिडनी टेस्ट के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का मन बना लिया है.
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों और चयनकर्ताओं के बीच रोहित के संन्यास को लेकर काफी चर्चा है. हालांकि अगर भारत विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में जगह बनाने में सफल होता है तो रोहित फाइनल मुकाबला खेल सकते हैं.
भारत की 2025 डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की संभावनाएं खतरे में हैं और अब यह उनके हाथ में नहीं है. दो बार के उपविजेता को सिडनी टेस्ट जीतने की जरूरत है और क्वालीफाई करने के लिए श्रीलंका से मदद की उम्मीद है.