बादलों के लगातार बरसने से लबालब हुए नदी-नाले
पुलिया से बह निकला पानी
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, आसमान से लगातार बादलों के बरसने से नदी-नाले उफान पर आ गए और कई ग्रामीण क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह से टूट गया। मानसून की सक्रियता के चलते रूक-रूककर बादलों के बरसने का सिलसिला जारी है और यही कारण रहा कि शनिवार को भी कभी तेज तो कभी रिमझिम फुंहारों के साथ बदरा बरसते रहे और इस कारण लखुंदर नदी के उफान पर आने से भदौनी पुलिया, महूपुरा चीलर नदी, सपरीपुरा, बादशाही पुल, जाईहेड़ा-बार्ईहेड़ा, बिजाना पुलिया पर आवागमन बंद हो गया। उल्लेखनीय है कि आसमान से निरंतर बरस रही बूंदों के चलते शाजापुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कई पुलियाओं पर पानी का कब्जा हो गया। बारिश की वजह से भदौनी पुलिया पर लखुंदर के उफान पर आने और सपरीपुरा पुलिया पर चीलर नदी का तेज बहाव होने की वजह से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पुलियाओं पर बेरिकेड्स लगाए, ताकि लोगों को पुलिया पार करने से रोका जा सके।
19.3 मिमी औसत वर्षा
जिले में शनिवार सुबह 8 बजे तक 19.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वाधिक वर्षा तहसील अंवतिपुर बड़ोदिया में 36 मिमी दर्ज की गई है। इसी तरह तहसील शाजापुर में 14 मिमी, मो. बड़ोदिया में 18 मिमी, शुजालपुर में 7 मिमी, कालापीपल में 12 मिमी, गुलाना में 22 मिमी एवं पोलायकलां 26 मिण्मी वर्षा हुई है। इस प्रकार 01 जून 2024 से अब तक शाजापुर 358 मिमी, मो बड़ोदिया में 348 मिमी, शुजालपुर में 404 मिमी, कालापीपल में 568 मिमी, गुलाना में 233 मिमी, ,पोलायकलां में 204.9 एवं अं. बड़ोदिया में 356 मिमी। इस तरह कुल 353.7 मिमी औसत वर्षा हुई है।