दिल्ली, दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को अपनी पहली कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले लिए. पहला, दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना (Ayushman Bharat Scheme) को लागू करने की मंजूरी दी गई है, जिसमें दिल्ली सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का टॉप-अप भी दिया जाएगा. दूसरा, विधानसभा के पहले सत्र में 14 कैग (CAG) रिपोर्ट पेश करने का निर्णय लिया गया है. कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘हमने दो अहम एजेंडों पर चर्चा की और उन्हें पास किया. पहला फैसला आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का है, जिसे पिछली सरकार ने रोक दिया था.’

आयुष्मान भारत योजना को लेकर बड़ा ऐलान
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह योजना पूरे देश के लिए शुरू की थी, लेकिन आम आदमी पार्टी सरकार की वजह से इसे दिल्ली में लागू नहीं किया गया. अब इसे पूरी तरह से लागू किया जाएगा और दिल्ली सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का अतिरिक्त टॉप-अप भी दिया जाएगा.’ यह फैसला दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव लाने वाला है और लाखों लोगों को सीधा फायदा पहुंचाएगा.

AAP सरकार ने क्यों किया था विरोध?
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने इस योजना का विरोध किया था. AAP का तर्क था कि दिल्ली में पहले से ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं और आयुष्मान भारत योजना लागू करने से मौजूदा योजनाओं का दर्जा गिर जाएगा. हालांकि, अब नई सरकार ने इस योजना को लागू करने का फैसला लिया है, जिससे दिल्ली के लाखों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही, सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि पहले सत्र में 14 CAG रिपोर्ट भी पेश की जाएंगी, जिससे दिल्ली में सरकारी कामकाज की पारदर्शिता बनी रहे.

विधानसभा में रखी जाएगी CAG रिपोर्ट
इसके अलावा दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि महालेखा परीक्षक (CAG) की 14 रिपोर्ट्स जो पिछली सरकार ने विधानसभा में पेश नहीं की थीं, अब विधानसभा के पहले सत्र में रखी जाएंगी. कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमारी सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास रखती है. पिछली सरकार ने CAG की 14 रिपोर्ट्स को विधानसभा में पेश नहीं किया था, लेकिन अब हम इन्हें पहले ही सत्र में पेश करेंगे ताकि जनता को सच्चाई का पता चले.’