‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो में रणवीर इलाहाबादिया के एक बयान के बाद से विवाद खड़ा हो गया. पैरेंट्स पर किए गए भद्दे कमेंट को लेकर यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया और अब भी चर्चा में हैं. महाराष्ट्र साइबर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और अब केस में नया मोड़ आया है. दरअसल, मामले में अब राखी सावंत (Rakhi Sawant) को 27 फरवरी को बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, शो के एक एपिसोड में राखी सावंत बतौर अतिथि मौजूद थीं. जहां कंटेंट क्रिएटर रणवीर इलाहाबादिया (Ranveer Allahbadia) ने माता-पिता और सेक्स को लेकर विवादित टिप्पणी की थी.

अन्य कंटेंट क्रिएटर्स पर भी पुलिस का शिकंजा
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने अब तक इस मामले में 50 से ज्यादा कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कॉमेडियंस को तलब किया है. शो के होस्ट समय रैना के अलावा, मशहूर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया को भी 24 फरवरी को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है. इसी दिन यूट्यूबर आशीष चंचलानी को भी हाजिर होने को कहा गया है. अधिकारियों का कहना है कि 23 और 24 फरवरी को कुछ और लोगों को भी जांच में शामिल किया जाएगा.

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को लेकर क्या कहा?
हालांकि, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने यूट्यूबर आशीष चंचलानी को इस मामले में अंतरिम जमानत दी है. मगर, उन्हें 10 दिनों के अंदर जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है. वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने 18 फरवरी को रणवीर इलाहाबादिया को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की थी. लेकिन साथ ही उनकी टिप्पणियों को ‘अश्लील’ करार देते हुए आलोचना की थी. अदालत ने कहा कि उनकी सोच समाज को शर्मसार करने वाली है और इस तरह की बयानबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती.

जांच में आगे क्या होगा?
इस मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस कड़ा रुख अपना रही है और सोशल मीडिया पर फैलने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों पर नजर बनाए हुए है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जो भी इस मामले में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा, शो में भाग लेने वाले अन्य मेहमानों और आयोजकों से भी पूछताछ की जा सकती है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे और भी लोगों को तलब किए जाने की संभावना जताई जा रही है.