राजस्थान रॉयल्स ने रोमांचक मैच में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया
शिमरन हेटमायर बने जीत के हीरो
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 27वें मैच में आज यानी के शनिवार को मोहाली स्थित मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हरा दिया. मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को 8 विकेट पर 147 रनों पर रोक दिया और फिर 19.5 ओवर में सात विकेट लक्ष्य हासिल कर लिया. आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स की छह मैचों में पांचवीं जीत है जबकि पंजाब किंग्स को इतने ही मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा है.
राजस्थान को जीत के लिए अंतिम दो ओवरों में जीत के लिए 20 रनों की दरकार थी और शिमरन हेटमायर तथा रोवमैन पॉवेल क्रीज पर थे. लेकिन सैम कुरेन ने पॉवेल को पवेलियन भेजकर राजस्थान को छठा झटका दे दिया. इसके बाद राजस्थान को जीत के लिए अंतिम ओवर में 10 रनों की दरकार थी और हेटमायर वहां मौजूद थे. अंतिम ओवर लेकर अर्शदीप सिंह ने हेटमायर के खिलाफ दो गेंदें खाली निकाल दी. हालांकि हेटमायर ने तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच को राजस्थान की तरफ मोड़ दिया. चौथी गेंद पर हेटमायर ने फिर दो रन ले लिया और पांचवीं गेंद पर छक्का मारकर राजस्थान को तीन विकेट से जीत दिला दी.
हेटमायर ने 10 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 270.00 के स्ट्राइक रेट से 27 रनों की मैच विनिंग पारी खेली. उनके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 39, तनुष कोटियान ने 24, कप्तान संजू सैमसन ने 18, रियान पराग ने 23 और रोवमैन पॉलेव ने 11 रन बनाए. पंजाब के लिए कगिसो रबाडा और कप्तान सैम कुरेन ने दो-दो जबकि अर्शदीप सिंह, लियाम लिविंस्टन तथा हर्षल पटेल को एक-एक सफलता मिली.
इससे पहले, पंजाब के लिए इम्पैक्ट प्लेयर आशुतोष शर्मा ने 16 गेंदों पर 31 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उनके अलावा जितेश शर्मा ने 29 और लियाम लिविंगस्टन ने 21 रनों का योगदान दिया. राजस्थान रॉयल्स की ओर से केशव महाराज और आवेश खान ने दो-दो जबकि कुलदीप सेन, युजवेंद्र चहल और ट्रेंट बोल्ट ने एक-एक विकेट चटकाए.