बिहार के इन जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट
पटना का भी मौसम बदला, पढ़ें पूरी खबर
पटना, झुलसा देने वाली गर्मी के बीच राहत की खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने बिहार के कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कोसी और सीमांचल के जिलों में मध्यम दर्ज की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राज्य के पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया, मधुबनी, बेगूसराय, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, वैशाली, सारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में बारिश और वज्रपात के आसार हैं।
सोमवार शाम से ही पटना समेत कई जिलों का मौसम अचानक बदल गया। पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर और पूर्वी चंपारण के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। वहीं मंगलवार सुबह से ही पूर्णिया, बेगूसराय समेत कई जिलों में मौसम सुहाना है। धूप-छांव का खेल जारी है। मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात को लेकर सावधान रहने की अपील की है। मौसम वैज्ञानिक की मानें तो निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में एक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से तेज हवा के साथ मध्यम दर्जे की बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात के आसार बन रहे हैं। 15 मई से पूरे बिहार में प्री-मानसून के आसार हैं।
इन जिलों में हीट वेव का असर
वहीं भोजपुर, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, कैमूर, गया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, समेत कई जिलों में हीट वेव का असर बना रहेगा। इन जिलों में पारा 40 डिग्री के पार रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों से लू से सावधान रहने की अपील की है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून का आगे बढ़ना जारी
दक्षिण पश्चिम मानसून निर्धारित समय और तरीके से आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान निकोबार द्वीप समूह में व्यापक वर्षा के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। मंगलवार तक अंडमान सागर, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके असर से अगले 24 घंटे के दौरान निकोबार द्वीप समूह में वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है, जो व्यापक वर्षा में बदल जाएगी और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी।