CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS

कटनी, कटनी पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को हिरासत में लिया है। यह वीडियो, जिसमें लाल-नीली बत्ती लगी बोलेरो वाहन क्रमांक MP 21 TA 10 62 के बोनट पर केक काटते हुए और हर्ष फायरिंग करते हुए कुछ व्यक्तियों को दिखाया गया था, सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। इस घटना के कारण जनसामान्य में भ्रम का माहौल बन गया था।
कटनी जिले के पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों पर कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए गए। जिस पर थाना माधव नगर प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर की टीम ने  तुरंत जांच शुरू की। माधवनगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर ने अपनी पुलिस टीम के साथ इस पूरे मामले में तत्परता से कार्रवाई की। बोलेरो वाहन के चालक व वाहन स्वामी चंद्रशेखर यादव उम्र 24 निवासी अमीरगंज सहित उसके साथियों मोहित गर्ग, लाला यादव, अमन दहिया,और विक्की श्रीवास निवासी अमीरगंज को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि वायरल वीडियो में दिखाई गई फायरिंग एक एयर गन से की जा रही थी,जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। हालांकि, मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, पुलिस सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है और तकनीकी सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस तरह की घटनाएं भविष्य में दोबारा न हो और दोषियों के खिलाफ यातायात के नियमों का उल्लंघन करने एवं प्रतिबंधात्मक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कटनी जिले केपुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अवैध गतिविधियों से जुड़े वीडियो न फैलाएं। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि ऐसे किसी भी कृत्य में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी है।