हैदराबाद के संध्या थिएटर में भगदड़ के दौरान एक महिला की मौत के मामले में टॉलीवुड अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना 4 दिसंबर को उनकी फिल्म पुष्पा 2 (Pushpa 2) के प्रीमियर के दौरान हुई थी. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उन्हें चिकाडपल्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया है.

गिरफ्तारी का वीडियो आया सामने
सोशल मीडिया पर पुष्पा-2 एक्टर की गिरफ्तारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें हैदराबाद के चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन से पुलिस अधिकारियों की एक टीम जुबली हिल्स में अल्लू अर्जुन के आवास पर आई और उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बताया कि उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी. पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान रेवती के रूप में हुई थी. उसके साथ उसका बेटा श्री तेजा भी था, जिसे भी दम घुटने से चोट लगी थी और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है.

‘प्रीमियर की पहले से नहीं थी कोई सूचना’
पुलिस ने संध्या थिएटर प्रबंधन, अभिनेता और उनकी सुरक्षा टीम के खिलाफ मामला दर्ज किया था. अधिकारियों ने बताया था कि पुलिस को पहले से कोई सूचना नहीं थी कि फिल्म की टीम प्रीमियर के लिए आएगी. अल्लू अर्जुन को शुक्रवार को चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन की एक टीम ने हिरासत में लिया है, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

किन धाराओं में दर्ज है मामला?
FIR दर्ज करते समय, हैदराबाद पुलिस के सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अक्षांश यादव ने बताया था, ‘मृतक के परिवार के सदस्यों की शिकायत के आधार पर चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में BNS सेक्शन 105 (गैर इरादतन हत्या के लिए सजा) और 118 (1) आर/डब्ल्यू 3 (5) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसकी जांच की जा रही है. थिएटर के अंदर अराजक स्थिति के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.