CURATED BY – MANDEEP SINGH BAWA | CITYCHIEFNEWS

शंभू बॉर्डर, शंभू मोर्चे पर किसान नेता सर्वन सिंह पंधेर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर कहा कि उनके बयानों में ही आपस में मेल नहीं है। एक तरफ किसानों को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है, दूसरी तरफ कृषि मंत्री कहते हैं कि अगर किसान पैदल दिल्ली जाना चाहते हैं, तो उन्हें कोई नहीं रोकेगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर कहते हैं कि किसान दूसरे रास्तों और वाहनों के जरिए दिल्ली आएं। हरियाणा कैबिनेट में मंत्री अनिल विज ने बयान दिया कि अगर किसान 6 और 8 दिसंबर की तरह आते हैं, तो उनका स्वागत हरियाणा पुलिस वैसे ही करेगी। किसान नेता पंधेर ने कहा कि किसानों के सवालों का जवाब हरियाणा में आज पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना चाहिए कि क्यों किसान अपनी राजधानी में नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज हरियाणा पहुंच रहे हैं, जिसके चलते बॉर्डर को सील किया गया है, उन्होंने कहा कि हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि हम पैदल ही दिल्ली जाएंगे। प्रधानमंत्री जहां भी आएं, हम उनका विरोध नहीं करेंगे। पंधेर ने कहा कि सुरक्षा बल खास तौर पर पंजाब के नेताओं को निशाना बना रहे हैं।