CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS

दमोह, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 का जिले में त्वरित एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर्यवेक्षण निगरानी मूल्यांकन तथा नियामक प्रावधानों का पालन कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला स्तरीय सलाहकार समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टेयरिंग समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में समिति के सभी अधिकारीगण एवं नामांकित सदस्यों की उपस्थिति में डी.ओ. खाद्य सुरक्षा प्रशासन राकेश अहिरवाल द्वारा बैठक का एजेण्डा बिंदुबार प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर  कोचर द्वारा आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

कलेक्टर  द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को न्यायालय में न्याय निर्णयन अधिकारी/ अपर जिला मजिस्ट्रेट द्वारा निर्णय हेतु लंबित न्यायालयीन प्रकरणों को त्वरित गति से निर्णित करवाने की कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा सभी शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों में छात्रों को खाद्य पदार्थों में मिलावट का पता लगाने एवं पोषक तत्वों के संबंध में जानकारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्यो से प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का सत्र आयोजित किए जाएं। खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा विगत माह तक की अप्राप्त रिपोर्ट के लिये पत्र वरिष्ठ कार्यालय को पुनः पत्र लिखा जाए । आंगनबाडी एवं मध्यान्ह भोजन, जिला चिकित्सालय, दीनदयाल अंत्योदय रसोई में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच एवं निरीक्षण की निरंतर कार्यवाही एवं वर्षा ऋतु में होटल, रेस्टोरेंट, चाट फुल्की, नाश्ता दुकान में निर्मित एवं बिक रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच, सघन जांच अभियान के रूप में करने के बैठक में निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा ईट राइट चैलेंज प्रतियोगिता फेस–4 में सेफ भोग, क्लीन स्ट्रीट फुड हब, क्लीन वेजीटेबल मार्केट का ऑडिट शीघ्र कराने के साथ ब्लॉक स्तर पर ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों में मिलावट पहचानने के लिए जन जागरूकता अभियान शुरू किया जाए।

कलेक्टर  ने कहा वर्षा ऋतु में खाद्य पदार्थो में मिलावट रोकने एवं खाद्य जनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाएं एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों को आयोजित कर गृहणियों के लिए खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने के लिये आसान परीक्षण की जानकारी हेतु कार्यशाला आयोजित की जाए।

जिला स्तरीय सलाहकार समिति में कैट संघ अध्यक्ष, किराना संघ अध्यक्ष, दाल मिल अध्यक्ष, तेल मिल एसोसिएशन, थोक फल एवं सब्जी विक्रेता संघ के प्रतिनिधियों को विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में बैठक में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए।