सुशिल विधानी | सिटी चीफ
खंडवा, पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे और रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विन कुमार ने ओंकारेश्वर रेलवे स्टेशन पहुंचकर ब्रॉड गेज परियोजना का निरीक्षण किया  । अधिकारियों ने निर्माण कार्य की और प्रगति का जायजा लिया व रेलवे इंजीनियरों से जानकारी प्राप्त की। महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने कहा कि रेलवे का प्रयास रहेगा कि सिंहस्थ-2028 से पहले ओंकारेश्वर रेलवे स्टेशन तक रेल सेवा शुरू की जा सके। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी परियोजना का निरीक्षण किया जा रहा है, इसलिए यह बताना जल्दबाजी होगी की ओंकारेश्वर से महू सेक्शन कार्य कब तक पूरा होगा। उन्होंने बताया कि खंडवा से ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन तक ब्रॉडगेज का कार्य पूरा हो चुका और इस खंड पर ट्रेन चलाई जा सकती है। निरीक्षण से पहले दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। इसके बाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।

मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर रेलवे स्टेशन पर सिंहस्थ से पहले कार्य पूरा करने के उद्देश्य से ही निरीक्षण किया गया है। जल्द ही इस मार्ग पर रेलवे का कार्य पूरा होने के बाद आगे की कनेक्टिविटी जुड़े और नागरिकों को रेल सुविधा का लाभ मिले इसको लेकर प्रयास किया जा रहा है।

बता दें कि, हैदराबाद से जयपुर तक की ऐतिहासिक मीटरगेज लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने का कार्य पिछले करीब दो दशकों से जारी है। वर्ष 2016 में ओंकारेश्वर रोड से इंदौर तक मीटरगेज सेवा बंद होने के बाद से ब्रॉडगेज निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन पातालपानी के आगे कालाकुंड चोरल के पहाड़ी क्षेत्र में सुरंग और बड़े पुलों के निर्माण के कारण परियोजना अभी भी अधूरी है।