CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, अवैध डोडा चूरा परिवहन के मामले में सुनेरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 सितंबर रविवार को थाना सुनेरा पर मुखबिर की सूचना प्राप्त हुई कि मक्सी तरफ से हाईवे होते हुए एक कंटेनर क्रमांक एमएच 40 सीएम 3102 का चालक शाहनवाज खान अपने वाहन में अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा भरकर सारंगपुर तरफ ले जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने थाने के सामने एबी रोड पर नाकाबंदी कर कंटेनर चालक को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान केबिन के अंदर पीछे की ओर लगी प्लाई को बलपूर्वक हटाया गया तो उसके पीछे एक लोहे का छोटा दरवाजा मिला जिसको खोला तो उसके अंदर एक खुफिया पार्टिसन बना हुआ था जिसके अंदर प्लॉस्टिक के काले रंग के कट्टे भरे हुए रखे थे। पार्टिसन का गेट छोटा होने से उसमें से कट्टे निकालना सुगम न होने से कटर से खुफिया पार्टिसन को काटा गया और उसमें से हमराह फोर्स एवं पंचान की मदद से कुल 35 काले रंग के भरे हुए कट्टे निकाले गए। उक्त कट्टों में मादक पदार्थ डोडा चूरा भरा हुआ था। पुलिस ने बताया कि 35 कट्टों में कुल 7 क्विटंल 5 किलो 760 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा कीमत करीबन 14 लाख 11 हजार 520 रुपये बरामद हुआ जिसे जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में सुनेरा थाना प्रभारी गोपाल निंगवाल, अरविन्द तोमर, सउनि दिलीप भिलाला, प्रआर 637 विक्रम मण्डलोई, प्रआर 558 धर्मेन्द्रसिंह, आरक्षक 126 घनश्याम, आरक्षक 758 शैलेन्द्रसिंह तोमर की सराहनीय भूमिका रही।