आलोट। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ आलोट पुलिस ने रविवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रणायरा पीर की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप की शंकर मंदिर के पास घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में रोककर उसे अपने कब्जे में लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 110 पेटी देसी शराब एवं 67 पेटी बीयर बरामद हुई। पुलिस ने पूरी खेप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।

मामले में पुलिस ने प्रधान सिंह पिता विक्रम सिंह (26 वर्ष), निवासी रणायरा पीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

पुलिस के अनुसार अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आबकारी एवं संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।