CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, सहारनपुर जनपद की थाना बड़गांव पुलिस ने दुकानों के शटर फाडकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। बता दे कि बीती 27 मार्च को गांव मिर्जापुर निवासी संदीप कुमार ने थाना बड़गांव पंहुचकर गांव सिरसकली कला से 15 ड्रम तारकोल के चोरी होने की एक तहरीर दी थी। और यही नही गांव रतनखेडी निवासी प्रशांत शर्मा ने भी अपनी कृष्णा मार्बल टाईल्स की दुकान का शटर तोड़कर एलसीडी,डीवीआर, इन्वर्टर,बेटरे व 15 हजार रूपए चोरी होने की रिपोर्ट थाना बड़गांव में दर्ज कराई थी। जैसे ही यह चोरी के मामले एसएसपी एवं एसपी देहात के संज्ञान में आये,तो उन्होंने इस चोर गिरोह के तत्काल खुलासे के निर्देश थाना बड़गांव प्रभारी संजीव शर्मा को दिए। जिसके बाद इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने एक टीम का गठन कर चोरों के पीछे लगा दी तथा स्वयं भी अपनी एक बडी पुलिस टीम के साथ चोरों की तलाश में चेकिंग में लग गए। चेकिंग कर रहे थाना बड़गांव प्रभारी संजीव शर्मा को अचानक सूचना मिली कि कुछ चोर मोरा चौकी के पास खड़े होकर किसी ओर बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में लगे हैं। इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने तुरंत अपनी पुलिस टीम के उपनिरीक्षक भारत सिंह, हेड कांस्टेबल राज तोमर, कांस्टेबल सन्नी एवं होमगार्ड सतीश कुमार के साथ मिली सूचना के पते मोरा चौकी के पास पहुंचे तो वहां मौजूद दोनो चोर पुलिस टीम को देखते ही भागने लगे,जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।पकड़े गए दोनों शातिर चोरों ने अपने नाम संजय पुत्र जय सिंह निवासी ग्राम खटकाहेडी थाना रामपुर मनिहारान व तुय्यब पुत्र दिलशाद निवासी ग्राम घाटहेडा थाना रामपुर मनिहारान बताए। गिरफ्तार चोरो ने तारकोल के ड्रम चोरी होने व कृष्णा मार्बल टाईल्स की दुकान का शटर तोड़कर सामान चोरी करने का जुर्म इकबाल करते हुए अन्य जगहों पर भी की गई चोरियों के खुलासे भी पुलिस के सामने किए। जिनकी निशानदेही व मौके से पुलिस टीम ने चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त पिकअप गाडी,एक देशी तमंचा, कारतूस, चाकू,13 ड्रम तारकोल,3 बैटरे, 3 जोड़ी पायल, एक जोड़ी चुटकी, 4 अंगूठी व 9,550 रूपए नकद बरामद किए। पकड़े गये उक्त शातिर चोरों के विरुद्ध थाना बड़गांव में ही नहीं बल्कि थाना नानौता, थाना रामपुर मनिहारान सहित अन्य थानों में भी चोरी,आर्म्स एक्ट सहित अन्य गम्भीर धाराओं में अनगिनत अपराधिक मामले पंजीकृत हैं।