हिमानी हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा,
मां का आरोप- मर्डर में कांग्रेस के लोग शामिल
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या के बाद रविवार को उसके परिजनों ने शव लेने से इन्कार कर दिया। वे आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। आक्रोशित परिजनों ने कहा कि हत्यारोपी पकड़ लिए जाएं या फिर कांग्रेस का बड़ा नेता इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाए तो ही वह अंतिम संस्कार के लिए शव लेंगे। पुलिस देर शाम तक हिमानी के परिजनों को मनाती रही लेकिन उन्होंने शव नहीं लिया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आज पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है।
हिमानी के मोबाइल फोन मिले
इस दौरान हिमानी की मां सविता ने शक जताया कि हत्यारे कांग्रेसी, दोस्त या उसके सहपाठी हो सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने पुराने कांग्रेसियों से भी बात की है। पुलिस ने डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी है और 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस को हिमानी के मोबाइल फोन भी मिल गए हैं।
इससे पहले, रविवार सुबह हिमानी की मां और भाई जतिन ने पोस्टमार्टम के लिए भी मना कर दिया। पुलिस अधिकारियों के काफी मान मनौव्वल के बाद वे माने। हालांकि सविता ने अंतिम संस्कार के लिए दामण मंगवाया था। चूंकि हिमानी को दामण काफी पसंद था।
बेटी ने कांग्रेस के लिए जान दे दी, 28 को पार्टी कार्यक्रम के बाद से थी गायब
हिमानी की मां ने बताया कि अंतिम बार 27 फरवरी को बात हुई। वह कह रही थी कि 28 को पार्टी का कार्यक्रम है। फोन मत करना, घर आकर खुद कर लूंगी। उन्होंने इंतजार कर कॉल किया पर फोन रिसीव नहीं हुआ। मां ने कहा- मेरी बेटी ने कांग्रेस के लिए अपनी जान दे दी। हत्यारा कौन है, यह पता नहीं। उसकी तरक्की देख जलने वाले भी कातिल हो सकते हैं। उसके दोस्तों में से भी हो सकते हैं।
दुष्कर्म-मारपीट की पुष्टि नहीं, गला दबने से कान व नाक से निकला खून
सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रारंभिक जांच में हिमानी की मौत गला दबाए जाने के कारण हुई है। सूटकेस में डालते समय हिमानी के हाथ-पैर जरूर मुड़ गए थे। इसके अलावा कोई अन्य चोट का निशान नहीं मिला। दुष्कर्म की भी अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि विसरा और अन्य नमूने मधुबन एफएसएल लैब के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस को अंदेशा है कि गले में जो चुनरी मिली है, उसी से हत्या की गई है। हिमानी का शव जब पुलिस ने निकाला था तो उसके मुंह और नाक में खून जम चुका था। डॉक्टरों की मानें तो गला घोंटने के दौरान इस तरह खून आना संभव है। हत्या से पहले उसे कोई नशीला पदार्थ तो नहीं पिलाया गया या नहीं, इसके लिए शव से बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है।
एक से अधिक लोग हत्या में हो सकते हैं शामिल
हिमानी की लंबाई पांच फीट से अधिक थी। हत्यारों ने उसके शव को डेढ़ फीट के सूटकेस में डाला था। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या में दो या दो से अधिक भी लोग शामिल हो सकते हैं।
एसआईटी जांच कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हिमानी के मोबाइल फोन मिल गए हैं। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।- रजनीश कुमार, डीएसपी, सांपला।