दमोह। नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के ग्राम सूखी पिपरिया में हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में दमोह पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। मामले में अब तक कुल 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 440/2026 में फरार चल रहे रानू पटेल निवासी बेर किसुनगंज (थाना दमोह देहात) तथा दीपक उर्फ दीपू बंसल निवासी वार्ड क्रमांक-1, पथरिया को कटनी-मुड़वारा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की निशानदेही पर दो सोने की चेन (करीब 18 ग्राम), एक सोने की करधनी (करीब 42 ग्राम) और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस बरामदगी की कीमत लगभग 8.20 लाख रुपये आंकी गई है।
इससे पहले पुलिस दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के आभूषण और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 8.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी थी। दोनों कार्रवाई को मिलाकर अब तक कुल 16.70 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रानू पटेल के खिलाफ पहले से 8 तथा दीपक उर्फ दीपू बंसल के खिलाफ 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में रोहित अहिरवार और उसके साथी मोनू की संलिप्तता भी सामने आई है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं।
इस कार्रवाई में थाना दमोह देहात, नरसिंहगढ़ चौकी, साइबर सेल तथा विशेष पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।