पीएम मोदी का तीन राज्यों का दौरा आज से
देश को मिलेगी पहली वंदे मेट्रो रेल, जानिए कार्यक्रम...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार से गुजरात, झारखंड और ओडिशा की तीन दिवसीय यात्रा करेंगे। इस दौरान वह सोमवार को अहमदाबाद में देश की पहली वंदे मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दिन वह गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स मीट एंड एक्सपो (री-इनवेस्ट 2024) के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वह अहमदाबाद में 8000 रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ-साथ अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो रेल सेवा के दूसरे चरण का शुभारंभ भी करेंगे। जबकि, पहले दिन वह अहमदाबाद के पास वडसर वायुसेना स्टेशन पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पश्चिम रेलवे (अहमदाबाद मंडल) के जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप शर्मा ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद-भुज वंदे मेट्रो पूरी तरह से अनारक्षित वातानुकूलित ट्रेन है, जिसके लिए यात्री प्रस्थान से कुछ समय पहले काउंटर से टिकट खरीद सकते हैं।
उन्होंने कहा, 'इसमें 2058 खड़े यात्री खड़े होकर और 1150 यात्री बैठकर यात्रा कर सकेंगे। पश्चिम रेलवे ने इस सप्ताह की शुरुआत में इस सेवा का परीक्षण किया था।' उन्होंने बताया कि अहमदाबाद-भुज वंदे मेट्रो सेवा नौ स्टेशनों पर रुकेगी और 110 किलोमीटर प्रति घंटे की शीर्ष गति से 360 किलोमीटर की दूरी 5 घंटे 45 मिनट में तय करेगी। यह भुज से सुबह 5:05 बजे रवाना होगी और 10:50 बजे अहमदाबाद जंक्शन पहुंचेगी।
डब्ल्यूआर के जनसंपर्क अधिकारी शर्मा ने बताया कि 'वंदे मेट्रो' अवधारणा को पूरी तरह से वातानुकूलित कोचों और 'कवच' टकराव-रोधी प्रणाली के साथ-साथ अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ स्वदेशी सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत सेवा की तर्ज पर डिजाइन किया गया है।
15 से 17 सितंबर के दौरान 12460 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 17 सितंबर तक झारखंड, गुजरात और ओडिशा के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान 12460 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा है कि प्रधानमंत्री रविवार को झारखंड की यात्रा करेंगे और पूर्वाह्न करीब 10 बजे झारखंड के टाटानगर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर छह वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे, जबकि सूत्रों ने बताया कि मोदी की वहां रोड शो करने की भी योजना है।
प्रधानमंत्री पूर्वाह्न लगभग 10:30 बजे टाटानगर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये 660 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।20 हजार प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री देवघर जिले में मधुपुर बाईपास लाइन और हजारीबाग जिले में हजारीबाग टाउन कोचिंग डिपो की आधारशिला रखेंगे।
कुरकुरा-कनारोअन दोहरीकरण परियोजना को करेंगे समर्पित
प्रधानमंत्री कुरकुरा-कनारोअन दोहरीकरण परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे जो बंडामुंडा-रांची सिंगल लाइन खंड का हिस्सा है और रांची, मुरी एवं चंद्रपुरा स्टेशनों के रास्ते राउरकेला-गोमोह मार्ग का हिस्सा है। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जमशेदपुर में भाजपा द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री 17 सितंबर को ओडिशा की राजधानी पहुंचने के बाद जनता मैदान जाएंगे, जहां वह ‘सुभद्रा’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस योजना के तहत, 21-60 वर्ष की आयु के सभी पात्र लाभार्थियों को 2024-25 से 2028-29 के बीच 5 वर्षों की अवधि में 50000 रुपये मिलेंगे।
दो समान किस्तों में प्रति वर्ष 10,000 रुपये की राशि सीधे लाभार्थी के आधार कार्ड से जुड़े बैंक खाते में जमा की जाएगी। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री 10 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में धन हस्तांतरण की शुरुआत करेंगे।
17 सितंबर को भुवनेश्वर में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
ओडिशा सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के मद्देनजर 17 सितंबर को भुवनेश्वर के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इसके अलावा, राज्य की राजधानी में राजस्व और मजिस्ट्रेट अदालतों सहित सभी सरकारी कार्यालय भी 17 सितंबर को दिन के पहले भाग के लिए बंद रहेंगे।