उल्लास और आनंद से मना सैर सपाटा
नशे की लत सबकी आफत थीम पर लगाई प्रदर्शनी, निकाली रैली
Curated by - Bhagwandas Beragi | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, जिला प्रशासन, आनंद विभाग और नगर पालिका परिषद द्वारा प्रति रविवार को आयोजित होने वाले सैर-सपाटा कार्यक्रम में अपार जनसमूह द्वारा सहभागिता करते हुये प्रातःकालीन भ्रमण के साथ साथ विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम का आनंद लिया गया।
इस सप्ताह सैर-सपाटा कार्यक्रम नशे की लत के विरुद्ध जनजागृति हेतु ’नशे की लत, सब की आफत’ थीम पर आधारित था। जिसे गायत्री परिवार द्वारा प्रायोजित किया गया। प्रदर्शनी और रैली के माध्यम से नशे के विरुद्ध जन चेतना जाग्रत की गई। गायत्री परिवार द्वारा प्रदीप जायसवाल के निर्देशन मे मां उमिया हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं द्वारा नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनसमुदाय द्वारा सराहा गया। इस दौरान मनोज गिरजे मित्र मंडल द्वारा सुन्दर भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियां, जूडो-कराते प्रशिक्षण, जुम्बा एक्सरसाइज, परम्परागत खेल, गायन आदि कार्यक्रमों मे अपार जनसमुदाय, बुजुर्गों, महिलाओ और बच्चों ने भी भाग लिया। सैर-सपाटा स्थल पर चलित आनंदम केन्द्र भी बनाया गया था, जहां लोग अपनी आवश्यकता से अधिक सामग्री छोड़ कर जा सकें और जिसे आवश्यकता हो वो ले जा सके। प्रति रविवार अलग-अलग संगठनों द्वारा अलग-अलग थीम पर सैर-सपाटा कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में पूरे समय जिला शिक्षा अधिकारी और आनंदक विवेक दुबे, तहसीलदार सुनील जायसवाल ने व्यवस्था की कमान संभाली। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के अध्यक्ष प्रदीप वैद्य, हरीश शर्मा, सुरेश शर्मा, शैलेन्द्र श्रीवास्तव आदि, राज्य आनंद संस्थान से महेंद्रमोहन सोनी, संतोष भावसार, योग गुरु डॉ. पराग जैन, राजीव लोचन शर्मा, ऑरेंज जीम के संचालक गोठी आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। आगामी रविवार को फिर से एक नयी थीम के साथ सैर-सपाटा कार्यक्रम आयोजित होगा।