दमोह - जबलपुर मार्ग पर मिला पटवारी का शव, 50 कदम दूर डली थी बाइक
अज्ञात वाहन से बताई जा रही टक्कर
दमोह, दमोह-जबलपुर मार्ग पर एक पटवारी का शव सड़क पर पड़ा मिला है। 50 कदम दूरी पर युवक की बाइक भी पड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने डायल 100 पुलिस को सूचित किया और पटवारी के शव को दमोह जिला अस्पताल के शव ग्रह में रखा गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से पटवारी की मौत होना बताया जा रहा है हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही जानकारी मिलेगी।
बता दें देहात थाना के मानपुरा गांव निवासी पटवारी शोभाराम पिता उमाशंकर अहिरवार 34 वर्ष जबेरा तहसील के अंतर्गत बीजा डोंगरी गांव में पदस्थ थे। गुरुवार की रात दमोह लौटते समय दमोह_ जबलपुर मार्ग पर हथनी के समीप पटवारी का शव सड़क पर पड़ा था और बाइक कुछ दूरी पर डली थी। डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची और पटवारी को जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन अस्पताल पहुंचे जिसके बाद शव को शवगृह में रखा गया। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
नोहटा थाने में पदस्थ एसआई एल कनौजिया और प्रधान आरक्षक हर्ष पाठक ने बताया की सूचना पर वह घटना स्थल पहुंचे थे पटवारी को अस्पताल लेकर आए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है की किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है मामला जांच में लिया गया है।