पैट कमिंस ने बांग्लादेश के खिलाफ झटकी हैट्रिक
T20 वर्ल्ड कप में दूसरे ऑस्ट्रेलियाई
एंटीगुआ. ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) ने सुपर 8 राउंड में ऑस्ट्रेलिया के पहले मैच में हैट्रिक अपने नाम कर ली. उन्होंने पारी के 20वें ओवर में यह उपलब्धि अपने नाम की. इस तेज गेंदबाज ने तोविद हृदोय (40) को अपनी हैट्रिक का आखिरी शिकार बनाया. कमिंस ने इस मैच में कुल 3 विकेट ही अपने नाम किए और ये तीनों विकेट उन्होंने अपनी लगातार 3 बॉल पर ही झटके. यह इस टी20 वर्ल्ड कप की पहली हैट्रिक है.
इस हैट्रिक के लिए उन्होंने अपने स्पेल के तीसरे और ओवर की अंतिम 2 गेंदों और फिर अपने चौथे ओवर की पहली गेंद पर विकेट लेकर यह हैट्रिक पूरी की. इसे पहले जब वह बांग्लादेश की पारी का 18वां ओवर फेंकने आए थे तो उन्होंने ओवर की 5वीं और छठी गेंद पर महमूदुल्लाह (2) और मेहदी हसन (0) को आउट किया था. उन्होंने महमूदुल्ला को बोल्ड को किया, जबकि मेहदी हसन और तोविद को कैच आउट कराकर टी20 वर्ल्ड कप में अपने देश की ओर से यह इतिहास रच दिया.
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह अब तक 7वीं हैट्रिक है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज ब्रेट ली 2007 टी20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक ली थी. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की पहली हैट्रिक थी.
पुरुष T20 वर्ल्ड कप में हैट्रिक
ब्रेट ली (ऑस्ट्रेलिया) vs बांग्लादेश, केप टाउन @2007
कर्टिस कैंपर (आयरलैंड) vs नीदरलैंड, अबू धाबी @2021
वानिंदु हसरंगा (श्रीलंका) vs दक्षिण अफ्रीका, शारजाह @2021
कगिसो रबाडा (साउथ अफ्रीका) vs इंग्लैंड, शारजाह @2021
कार्तिक मयप्पन (UAE) vs श्रीलंका, जिलॉन्ग @2022
जोशुआ लिटिल (आयरलैंड) vs न्यूजीलैंड, एडिलेड @2022
पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया) vs बांग्लादेश, एंटीगुआ @2024
इस मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने यहां टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. बांग्लादेश ने उसके सामने 140 रनों का लक्ष्य रखा है. कप्तान नजमुल हसन शांतो (41) और तोविद हृदोय (40) की पारियों के दम पर बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 140 रन बना पाई. इस मैच में पैट कमिंस (3/29) के अलावा एडम जाम्पा (2/24) ने सर्वाधिक विकेट लिए. इनके अलावा मिचेल स्टार्क, मार्कस स्टोइनिस और ग्लेन मैक्सवेल ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया.