पीडब्ल्यूडी वोटर्स एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर्स से मतदान कराने के लिए हुआ दलों का प्रशिक्षण
शाजापुर में कलेक्टर ने किया प्रशिक्षण का निरीक्षण
Curated by - BAGHWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, 16 अक्टूबर 2023/ पीडब्यूडी एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को घर से ही मतदान करने की सुविधा प्रदान करने के लिए दलों का गठन किया गया है। दल में एक पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्रमांक-1, माईक्रो आब्जर्वर, सेक्टर ऑफिसर रहेगा। दलों द्वारा करायी जाने वाले मतदान की वीडियोग्राफी भी होगी।
आज शासकीय स्नातकोत्तर बीकेएसएन महाविद्यालय शाजापुर में प्रशिक्षण संपन्न हुआ, जिसमें 45 माइक्रो आब्जर्वर एवं 90 पीठासीन अधिकारी और पी-1 मौजूद थे। प्रशिक्षण के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी से कहा कि बिना तनाव के साथ सावधानी से मतदान कराएं। उल्लेखनीय है कि पीडब्ल्यूडी एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं से मतदान कराने के लिए रूट चार्ट बनाया जायेगा और उन्हें एक दिन पूर्व सूचित करेंगे। मतदान कराने के लिए दल मतदाता के यहां पहुचेगा, उसे डाक मतपत्र दिया जायेगा। मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पूरे प्रबंध किये जायेंगे। साथ ही मतदाता से 13-ए प्रपत्र में घोषणा पत्र लिया जायेगा, जिसे पीठासीन अधिकारी द्वारा सत्यापित किया जायेगा। घोषणा पत्र के साथ लिफाफे में बंद मतपत्र रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में जमा करायेंगे। दलों का प्रशिक्षण डॉ बीएस विभूति, डॉ. वीपी मीणा एवं डॉ. सुनील आडवानी ने दिया।