CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWSसासाराम, बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ हो चुके अपराधी अब स्कूलों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला रोहतास के सासाराम से सामने आया है, जहां नामांकन के विवाद को लेकर स्कूल कैंपस में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अहरांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की है।
बताया जा रहा है कि विद्यालय में नामांकन करने को लेकर कुछ विवाद हो गया था। इसके बाद फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। फायरिंग करने वाले की पहचान कर ली गई है लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। रवि कुमार नामक व्यक्ति अपने बेटे का एडमिशन कराने स्कूल पहुंचा था लेकिन बच्चे की उम्र को लेकर अभिभावक तथा हेड शिक्षिका के बीच बहस हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि हेड शिक्षिका के पक्ष में गांव के ही कुछ लोग पहुंच गए तथा फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद अफरा तफरी की स्थिति हो गई। डीएसपी ने बताया कि फायरिंग करने वाले की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। चुकी पुलिस ने जब छानबीन शुरू की तो विद्यालय के परिसर के गलियारे में एक बोरे में रखा हुआ कई हथियार मिला है। जिसे जप्त कर जांच की जा रही है।