पाकिस्तान की आतंकी साजिश का पर्दाफाश
दिल्ली को दहलाने का था प्लान, खुफिया एजेंसियों ने जारी किया अलर्ट
नई दिल्ली, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और उससे जुड़े आतंकी संगठनों का एक आतंकी प्लान रिकॉर्ड किया है. इसके तहत केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने पिछले दिनों पाकिस्तान से आए कुछ संदेश और कोड वर्ड में की गई बातचीत पकड़ी थी. खुफिया एजेंसी के विशेषज्ञों ने जब कोड वर्ड में आए संदेशों और बातचीत को डिकोड किया तो राजधानी दिल्ली को दहलाने की एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है.
खुफिया अलर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जो आतंकी संगठनों से तालमेल रखने का काम करता है उसने लश्कर-ए-तैयबा समेत अन्य आतंकी संगठनों के लोगों को निर्देश दिया कि वे राजधानी दिल्ली के कुछ महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी कर उनके फोटो तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तत्काल अपने आका के जरिए पाकिस्तान भेजें. खुफिया अलर्ट के मुताबिक इन आकाओं ने दिल्ली में जिन स्थानों की टोह लेने का निर्देश दिया है उनमें आतंक पर लगातार प्रहार कर रहे नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी मुख्यालय के अलावा कुछ प्रमुख सड़क मार्ग जिन पर वीआईपी मूवमेंट होता है. इसके अलावा रेलवे से जुड़े कुछ कार्यालय तथा दिल्ली पुलिस की एक प्रमुख इकाई का कार्यालय भी शामिल है जहां आतंकवाद निरोधी कार्य किया जाता है.
महत्वपूर्ण सड़क मार्गों की जानकारी मांगी
खुफिया सूत्रों के मुताबिक आतंकी साजिश के इस डिकोड के मुताबिक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी राजधानी दिल्ली से जुड़ी इन महत्वपूर्ण जानकारियों को जुटाने के बाद कोई बड़ा आतंकवादी हमला करने की साजिश रच सकती है. क्योंकि जिन महत्वपूर्ण सड़क मार्गों की जानकारी मांगी गई है वहां पर ज्यादातर वीवीआइपी लोगों के मूवमेंट होते हैं. ऐसे में इस बात की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता कि उनकी इस साजिश का निशाना कोई वीवीआइपी भी हो सकता था.
अलर्ट के बाद दिल्ली में तीसरी आंख की पहरेदारी बढ़ी
खुफिया एजेंसियों का मानना है कि आने वाले कुछ महीने राजधानी दिल्ली के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. क्योंकि इसी दौरान स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के अलावा राजधानी दिल्ली में सितंबर महीने में जी-20 की सबसे महत्वपूर्ण बैठक होनी है. जिसमें चीन समेत लगभग सभी देशों के पदाधिकारी भाग ले रहे हैं. ऐसे में आतंकवादी संगठन कोई हमला कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं. खुफिया एजेंसियों के इस अलर्ट के बाद राजधानी दिल्ली में तीसरी आंख की पहरेदारी बढ़ा दी गई है. साथ ही आने वाले कुछ दिनों में संदिग्ध जगहों पर छापेमारी के अलावा ऐसे उन सभी इलाकों में होटलों की तलाशी का अभियान शुरू किया जाएगा जहां पर आतंकी साजिश से जुड़े लोग हो सकते हैं.