CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, रंगारंग वसंतोत्सव और विद्या की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती देवालय के सम्मुख वैदिक यज्ञ और आवाहन मंत्रों से वंदन द्वारा  वसंत पंचमी पर्व का शुभारंभ करते हुए मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योगाश्रम द्वारा आश्रम साधकों और नेशन बिल्डर्स अकादमी प्रांगण में रंगारंग कार्यक्रम के साथ वसंतोत्सव मनाया गया। नृत्यमयी सरस्वती वंदना से आरंभ हुए इस कार्यक्रम में वृक्षों के अंधाधुंध कटाव के विरुद्ध जनजागृति लाने के लिए मर्मस्पर्शी नृत्यनाटिका के साथ ही वसंत पंचमी पर देशधर्म के लिए बलिदान हुए वीर हकीकतराय को याद करते हुए नृत्यनाटिका 'आरंभ है प्रचंड'  और मोबाइल फोन्स के प्राणघातक दुरुपयोग पर कटाक्ष करते हुए प्रस्तुत स्किट ने देर तक तालियां बटोरीं! नन्ही छात्रा परी और आस्था ने सरस्वती वंदना  'हे हंस वाहिनी' प्रस्तुत की तो यंग नेशन बिल्डर्स की मनोहारी सामूहिक योग प्रस्तुति ने सभी को रोमांचित किया। वसंत पंचमी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योग गुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने कहा कि वसंत ऋतु तन मन में ऊर्जा, प्रकृति में सृजन और सोच में प्रखरता का पर्व है, लेकिन यह हमारी सोच पर निर्भर करता है कि हम इस ऊर्जा का कैसे इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि हम पतंग तक नहीं रुकें बल्कि उमंग तक उड़ें। गुरुदेव ने पर्वों को कुरीतियों से बचाने के प्रति बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को आगाह किया। वसंतोत्सव के मुख्य यजमान गुलशन निझारा, निशांत शर्मा दंपति और सुभाष वर्मा दंपति रहे। जबकि मुरादाबाद शाखा प्रमुख अमित गर्ग, रामपुर शाखा प्रमुख नवनीशकांत शर्मा के अलावा विशाल गुलाटी, सोनल चौहान, नंदकिशोर शर्मा, इं अमरनाथ, डा अशोक गुप्ता, मंजू गुप्ता, ललित वर्मा, रमन शर्मा और अनवरत कच्छल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धन्वंतरि दर्शन और सरस्वती आराधन का आनंद लिया। यज्ञाचार्य के रूप में अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव ने इस अवसर पर संपन्न हुए विराट यज्ञ का संचालन किया।