CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, लोकसभा निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम अनुसार ससंदीय निर्वाचन क्षेत्र 21-देवास (अ.जा.) शाजापुर जिले में 13 मई को मतदान होना है। जिसके 48 घंटे पूर्व बाहरी लोगों को विधानसभा क्षेत्र से बाहर जाने के आदेश दिए हैं।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋजु बाफना द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं दण्ड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा-144 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए शाजापुर जिले की राजस्व सीमा क्षेत्र में आने वाली तीनों विधानसभा क्षेत्रों क्रमशः क्रमांक 167-शाजापुर, 168-शुजालपुर एवं 169-कालापीपल की सीमा क्षेत्र अन्तर्गत स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 21-देवास (अ.जा) के अभ्यर्थियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को छोड़कर निर्वाचन प्रचार की कार्यवाही में संलग्न ऐसे सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं होटल, लॉज, धर्मशालाओं में ठहरे बाहरी व्यक्तियों को, जो उस विधानसभा क्षेत्र में मतदाता नहीं है, उन्हें निर्वाचन समाप्ति के 48 घण्टे पूर्व अर्थात 11 मई की शाम 6 बजे से मतदान समाप्ति तक सम्बन्धित विधानसभा क्षेत्र की सीमा छोड़ने के लिए आदेशित किया गया है। इसके अतिरिक्त आदर्श आचरण संहिता की अवधि के दौरान 11 मई एवं 12 मई की रात्रि 10 बजे से शाम 6 बजे तक के मध्य प्रचार अभियान जिसमें घर-घर जाकर प्रचार करना, एस.एम.एस., व्हाट्सप कॉल, लाउड स्पीकरों आदि के माध्यम से भी प्रचार संबंधी क्रियाकलाप प्रतिबंधित रहेगें। उपर्युक्त प्रतिबन्ध भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत, चुनाव कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं विधि एवं व्यवस्था सम्बन्धी ड्यूटी में संलग्न पुलिस कर्मियों पर लागू नहीं होगा। इस आदेश का उल्लंघन भारतीय दण्ड संहिता 1860 एवं लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत दण्डनीय अपराध होगा।