वन-वे किया जाए, क्रेन से उठाएं बेतरतीब खड़े वाहन
एक दिन पूर्व हुई घटना को लेकर कांग्रेसियों ने किया गांधी तरीके से प्रदर्शन
शाजापुर, एक दिन पूर्व शहर में हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। इस घटना को लेकर कांग्रेसियों ने बस स्टैंड स्थित ट्राफिक प्वाईंट पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया और मांग की कि शहर में वन-वे की व्यवस्था की जाए और जो भी वाहन बेतरतीब तरीके से खड़े दिखाई दें उन्हें क्रेन से उठाया जाए ताकि लोग भी यातायात नियमों का पालन करना सीखें।
रविवार को कांग्रेसियों का दल ट्राफिक प्वाईंट पहुंचा जहां उन्होंने शनिवार को गुलाना निवासी दो लोगों की मौत पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्हांेंने वहां मौजूद एएसपी टीएस बघेल से कहा कि शहर में ट्राफिक सिग्नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन लोग इनका पालन नहीं करते हैं। शहर में प्रतिदिन कोई न कोई घटना घट रही है जिसमें कोई घायल हो रहा है तो लोग जान भी गंवा रहे हैं। यहां लगे ट्राफिक सिग्नल का कोई फायदा शहर को नहीं मिल रहा है। इसलिए शहर में वन-वे व्यवस्था की जाए। इसके अलावा जो भी बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करते हों उनके वाहन क्रेन से उठाए जाएं जैसा कि महानगरों में होता आया है।
सबसे पहले मेरा वाहन उठाएं, ताकि आमजन को हो कार्यवाही का डर
कांग्रेस नेता नरेश कप्तान ने एएसपी श्री बघेल से मांग की कि शहर में क्रेन की मदद से बेतरतीब वाहन उठाए जाएं। यदि इसमें कोई समस्या हो तो सबसे पहले मेरा वाहन जब्त किया जाए ताकि लोगों को विश्वास हो जाए कि सभी के लिए कानून समान है और शहर की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं होता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नही हुआ तो कांग्रेस वृहद आंदोलन करेगी। इस अवसर पर सीताराम पवैया, बालकृष्ण चतर्वेदी, नरेश कपतानह महेंद्र सेंगर, पाष्रद सत्या वात्रे, दीपक निगम, इरशद नागोरी, अकिल वारसी, मूसा आजम खान, राजेश पारदे, सन्नी दुबे, राजू दुबे, सोनू मगरिया, राजू राठौर, सरलेश चतुर्वेदी, बंटी नायक आदि उपस्थित थे।
पांच दिन में होगी बैठक, लेंगे निर्णय
कांग्रेसियों की मांग पर श्री बघेल ने कहा कि पांच दिन बाद शहर में सभी वर्गों के लोगों के साथ बैठक करेंगे और व्यवस्था में सुधार के लिए निर्णय लिया जाएगा। जिसमें व्यवस्थाओं को लेकर सभी के विचार लेकर सख्त कानून बनाया जाएगा।