नववर्ष की शुरूआत पर देवालयों में लगा रहा पूजन के लिए तांता
लोगों ने आहुतियां डालकर मंगलकामनाएं की
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, जिलेभर में लोगों ने नये वर्ष का स्वागत पूरे उत्साह-उमंग के साथ किया और वे सुबह से लेकर शाम तक देवालयों में अपने आराध्य की पूजा-अर्चना में जुटे रहे। इसीके साथ लोगों ने रेस्टोरेंट, होटलों और अन्य स्थानों पर परिवार के साथ पिकनिक मनाकर नये साल का जश्न मनाया। उल्लेखनीय है कि दिसंबर माह की अंतिम रात 31 तारीख पर जिलेभर के लोगों में नये साल के आगमन को लेकर काफी उत्साह दिखाई दे रहा था और इसी उत्साह के चलते थर्टी फस्र्ट की रात नये साल के स्वागत की तैयारियों में डूबी रही। रात 12 बजे लोगों ने अपने-अपने अंदाज से नववर्ष की खुशियां मनाईं। साथ ही एक जनवरी बुधवार को भी दिनभर जश्न का माहौल रहा। 2025 के पहले दिन किसी ने पिकनिक पर जाकर जश्न मनाया तो किसी के दिन की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। शहर के रेस्टोरेंटों पर भी जायकेदार व्यंजनों का नये साल के उपलक्ष्य में लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। साथ ही आतिशबाजी और मिठाईयां खिलाकर नूतन वर्ष का अभिवादन किया गया। नये साल को लेकर शहर के रेस्टोरेंट और होटलों में भी खास तैयारी की गई थी। स्पेशल डिश के साथ ही मनोरंजन की भी व्यवस्था रही। वहीं लाइट एवं रंगबिरंगे बैलून से होटलों को खुब सजाया गया था।
हवन-पूजन के साथ किया नव वर्ष का स्वागत
वर्ष 2025 के पहले दिन की खुशियां हर किसी ने अपने अंदाज से सेलिब्रेट कर मनाई। एक ओर जहां होटलों और रेस्टोरेंटों में इस दिन भीड़ रही तो वहीं नगर के प्रसिद्ध राजराजेश्वरी माता मंदिर, मंगलनाथ महादेव, खेड़ापति हनुमान, बालवीर हनुमान, मुरादपुरा हनुमान, ओंकारेश्वर महादेव सहित अन्य देवालयों में सुबह से लेकर शाम तक नव वर्ष के मंगलमय होने की कामना को लेकर पूजा-अर्चना की गई। साथ ही स्थानीय एबी रोड स्थित नित्यानंद आश्रम में महादेव का महाभिषेक भक्तों द्वारा किया गया। हवन.कुंड में सपरिवार लोगों ने आहुतियां डालकर मंगलकामनाएं की।