CURATED BY – SUSHIL SONI | CITYCHIEFNEWS

अनूपपुर, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा है कि जन समस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदन एवं समस्याओं का निदान अधिकारी तत्परता के साथ कराएं। शिविर में प्राप्त होने वाले समस्याओं को रजिस्टर में संधारित करें तथा शासन के मंशानुसार योजना के सिचुरेशन पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि शासन के प्रत्येक योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिले, इस दिशा में पटवारी, सचिव एवं रोजगार सहायक संयुक्त रूप से कार्य करें तथा पात्र हितग्राहियों को केन्द्र एवं राज्य शासन की जन कल्याणकारी एवं हितकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। शिविर में आए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरे गंभीरता के साथ करें तथा समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराएं। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली आज अनूपपुर जिले के ग्राम पंचायत सकरा में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर को संबोधित कर रहे थे।
कलेक्टर ने सभी पटवारी को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि शासन द्वारा राजस्व महा अभियान 3.0 के अंतर्गत नामांतरण के प्रकरण डोर टू डोर भ्रमण कर प्राप्त करें तथा अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु हो गई है, उसका चिन्हांकन कर प्रकरण दर्ज करें एवं रिकॉर्ड में अमल करते हुए बंटवारा प्रकरण का निराकरण कराएं। इसी प्रकार अभियान के अंतर्गत बंटवारा, नक्शा तरमीम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र हितग्राहियों के नए आवेदन, जाति प्रमाण पत्र के प्रकरण, आधार लिंकिंग इत्यादि के प्रकरण डोर टू डोर भ्रमण कर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सभी पटवारी अपने कार्य में गंभीरता लाएं एवं राजस्व महा अभियान में बेहतर कार्य करें। 
कलेक्टर ने सचिव एवं रोजगार सहायक को संबोधित करते हुए निर्देश दिए हैं कि शासन के मंशा के अनुरूप पेंशन के पात्र हितग्राही विधवा महिला, निःशक्तजन तथा बुजुर्गों को चिन्हित कर लाभ दिलाएं। राशन के छूटे हुए हितग्राही जो पात्रता रखते हैं, उनका नाम भी राशन पात्रता पर्ची में जोड़ा जाए। कलेक्टर ने कहा कि ग्राम पंचायत में राशन हितग्राहियों को सुचारू रूप से राशन वितरण हो इसकी भी निगरानी रखें। इसी प्रकार पटवारी, सचिव एवं रोजगार सहायक स्कूल में वितरित किए जा रहे मध्यान्ह भोजन, आंगनवाड़ी में सांझा चूल्हा, छात्रावास, ग्राम पंचायत सहित ग्राम प्रमुख शासकीय संस्थाओं का भी निगरानी रखें जिससे नागरिक एवं बच्चों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मुहैया हो सके। कार्यक्रम को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने भी संबोधित किया।
जिले के ग्राम सकरा में आज जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने शिविर में ग्राम पंचायत सकरा सहित ग्राम पंचायत खम्हरिया, मेड़ियारास, परसवार, औढ़ेरा, जमुड़ी, लखनपुर, ताराडांड़ के ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त करते हुए समस्याएं सुनी तथा समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने शिविर के दौरान ग्राम पंचायतवार योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा मैदानी अमले से करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शिविर में 267 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा शेष आवेदनों के निराकरण हेतु समय सीमा निर्धारित करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा में आवेदनों के निराकरण संबंधी निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिए। इसी प्रकार कलेक्टर ने शिविर से संबद्ध ग्रामों के लंबित राजस्व प्रकरण की समीक्षा करते हुए राजस्व अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में पशुपालन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए थे। जिनके माध्यम से ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का मौके पर आयोजन किया गया, जहां लगभग 40 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गई।
शिविर में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. अवधिया, तहसीलदार श्री अनुपम पांडेय सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।