CURATED BY – UMESH KUSHWAHA | CITYCHIEFNEWS

सतना, अलग-अलग विचारधारा और राजनीतिक पार्टियों से संबद्ध छात्र संगठन एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्या परिषद (अभाविप) दोनों अलग-अलग मुद्दों को लेकर सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर आंदोलनरत थे। एनएसयूआई ने देश भर में नीट परीक्षा की विसंगतियों और इनसे उपजे हालात के विरोध में शहर में सर्किट हाऊस चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया, वहीं अभाविप ने नागौद-उचेहरा मार्ग को अपनी गतिविधि का केंद्र बनाया। उन्होंने नागौद के शासकीय महाविद्यालय भवन की कमियों के विरोध को अपनी गतिविधि का कारण बताया

नागौद का महाविद्यालय भवन जर्जर

 शासकीय जलद त्रिमूर्ति महाविद्यालय नागौद के आधा सैकड़ा छात्रों ने अभाविप कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे छात्र कॉलेज कैंपस में एकत्र हुए। इसके बाद नारेबाजी करते हुए नागौद-उचेहरा मुय मार्ग में धरने में बैठ गए। उन्होंने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर दो घंटे तक चक्काजाम किया। रोड जाम होने की सूचना पर नागौद थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय पुलिस बल मौके पर पहुंचकर समझाइश दी। फिर भी प्रदर्शनकारी छात्र नहीं मानें। तब तहसीलदार को बुलाया गया। उन्होंने आंदोलन कारी छात्रों का राजी किया। तब कहीं जाकर यातायात बहाल हुआ। नागौद के अभाविप नगर मंत्री सूर्यदेव सिंह परिहार का कहना है कि कॉलेज का भवन 90 के दशक का है और जर्जर है। 4000 विद्यार्थी जोखिम में रहते हैं। कॉलेज भवन की मरमत, रंग रोगन, इसके अलावा महाविद्यालय में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था, नवीन लाइब्रेरी, छात्राओं के लिए शौचालय, खेल सामग्री, व्यवस्थित पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस चौकी खोलने की जरूरत भी है।

नीट में धांधली के आरोप पर प्रदर्शन

नीट परीक्षा में देशभर में हुई धांधली का आरोप लगाते हुए एनएसयूआई ने सोमवार को सर्किट हाउस चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और पुतला दहन भी किया। छात्र नेता नमो त्रिपाठी कंदैला एवं हर्ष सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इस दौरान संबोधन भी दिया और कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में छात्रों के हितों का हनन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नीट की गड़बड़ियों की वजह से ही हजारों छात्र निराश हुए हैं। कई छात्र-छात्राओं ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। विंध्य क्षेत्र की होनहार बेटी ने कोटा में आत्महत्या की। अगर सरकार घोटाले के संबंध में जल्द निर्णय नहीं लेती तो आगामी दिनों में एनएसयूआई कार्यकर्ता सभी छात्रों के साथ मिलकर भिक्षाटन और उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर ऋषभ निगम, शिवांजय सिंह बघेल, मानस पाण्डेय, शिवांश द्विवेदी खमरिया, जय पाण्डेय, अरविंद विश्वकर्मा, सुरेंद्र कुशवाहा, उत्कर्ष मिश्रा आदि छात्र नेता भी उपस्थित थे।