CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग ने एंबुलेंस सुविधा को और सरल एवं सहज बनाने के लिए एक वाट्सएप फोन नंबर निर्धारित किया है, जिसके तहत अब शाजापुर सहित प्रदेशभर में चिकित्सा विभाग द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर स्थान और लोकेशन बताने पर तुरंत 108 एंबुलेंस मदद के लिए पहुंचेगी। 108 हेल्प डेस्क प्रभारी ईएमटी जितेन्द्र देवतवाल ने बताया कि व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज डालने के बाद आपसे कुछ जरूरी जानकारी लेकर डाटा हमारे कंट्रोल रूम पर पहुंच जाएगा। वहां टीम द्वारा आपके लिए तत्काल एंबुलेंस भेज दी जाएगी। किसी भी आपातकालीन स्थिति में 108 नंबर, 108 संजीवनी एमपी मोबाइल ऐप या व्हाट्सप्प नंबर के माध्यम से एंबुलेंस की सेवा प्राप्त कर सकते हैं। स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचने के लिए 108 फोन नंबर डायल करने पर एंबुलेंस आती थी, लेकिन अब आवश्यकता होने पर वाट्सएप से भी 108 एंबुलेंस को बुला सकेंगे। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग ने एंबुलेंस सुविधा को और सरल, सहज बनाने के लिए वाट्सअप फोन नंबर 6269695935 निर्धारित किया है। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति आवश्यकता पडऩे पर संदेश प्रेषित कर एंबुलेंस की मांग कर सकेगा। संदेश पहुंचने के साथ ही काल सेंटर से प्रेषक की लोकेशन का पता चल जाएगा। उस तक शीघ्र ही एंबुलेंस पहुंच जाएगी, जो कि मरीज को आवश्यकतानुसार प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराएगी। आवश्यकता होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाएगी। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी के लिए 108 सिटीजन एप भी तैयार किया है। इस एप से शाजापुर सहित प्रदेश के समस्त अस्पतालों और रक्त संग्रहण केंद्रों को जोडऩे की तैयारी है। ताकि आकस्मिक स्थिति में एप के माध्यम से आवश्यकतानुसार नजदीकी अस्पताल और रक्त संग्रहण केंद्र की जानकारी मिल सकें। इस एप से 108 संजीवनी और जननी एक्सप्रेस एंबुलेंस, दोनों को आवश्यकतानुसार बुलाया जा सकेगा।