निजी अस्पताल के डॉक्टर पर नही हुई कार्रवाई
करणी सेना करेगी कलेक्टर कार्यालय का घेराव
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, प्रशासन के द्वारा आशीर्वाद अस्पताल के डॉक्टर पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नही किए जाने से आक्रोशित करणी सैनिक थाना कोतवाली पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। साथ ही दो दिनों में कार्रवाई नही होने पर कलेक्टर कार्यालय घेराव करने की चेतावनी दी। शनिवार को करणी सेना के पदाधिकारी शाजापुर कोतवाली थाना पहुंचे और यहां ज्ञापन देकर निजी अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्र्ज किए जाने की मांग की। करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि नैनावद निवासी गीता शर्मा का शाजापुर के आशीर्वाद हॉस्पिटल में इलाज कराया गया था, जहां पर उसके पेट में बच्चे की मौत होने पर डॉक्टरों ने पेट की ढंग से सफाई नहीं की थी जिसकी वजह से गीता के शरीर में संक्रमण फैल गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। आशीर्वाद अस्पताल की महिला डॉ भारती शिवहरे ने लापरवाही मानने की बजाय गीता शर्मा को इंदौर ले जाने को कहा और अब गीताबाई गंभीर हालत होने पर इंदौर के बॉॅम्बे हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। उसके इलाज में लाखों रुपए खर्च हो गए हैं। डॉक्टर के द्वारा बरती गई लापरवाही को लेकर करणी सेना ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन मामले में कोई सुनवाई नही हुई। जादौन ने बताया कि डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर करने की मांग को लेकर थाना कोतवाली पर ज्ञापन दिया गया है। यदि दो दिनों में कार्रवाई नही हुई तो सोमवार को करणी सेना कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकाल के लिए कार्यालय परिसर में डेरा डालेगी। ज्ञापन में मांग की गई कि अस्पताल के डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और महिला और उसके परिवार के लोगों को क्षतिपूर्ति राशि दिलाई जाए।