CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS

पटना, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अचानक अपना फैसला बदल लिया है। अब 29 जून को दिल्ली में जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक भी होगी। 

वहीं, इस बैठक को लेकर बिहार से दिल्ली तक सियासी हलचल तेज है। यह चर्चा है कि नीतीश कुमार किसी को जदयू का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप सकते हैं।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय कार्यकारिणी सुबह 11 बजे से होनी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे से राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। नीतीश कुमार शुक्रवार को इन बैठकों में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होंगे। अब तक राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नीतीश कुमार कुछ न कुछ नया निर्णय लेते रहे हैं। लिहाजा उम्मीद है कि इस बार भी कुछ बड़ा निर्णय हो सकता है।
उधर, जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संपन्न हुए आम चुनाव की भी समीक्षा होगी। जदयू की प्रदेश इकाई ने चुनाव संपन्न होने के बाद इसका अध्ययन कराया था। जदयू ने 16 सीटों पर अपने प्रत्याशी दिए थे जिनमें 12 सीटों पर उसे सफलता मिली।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस विषय पर भी चर्चा होगी कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल जदयू मंत्री किस प्राथमिकता के तहत अपना काम करेंगे। नीतीश कुमार के संबोधन के साथ जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक समाप्त हो जाएगी।