बरही। कटनी, दीपावली की रात बरही नगर में हुए भीषण अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के छह सदस्यों की मौत का मामला अब भी चर्चा के केंद्र में है। इस हृदयविदारक घटना को लेकर प्रशासनिक जवाबदेही और कार्रवाई पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच शनिवार सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय सिंह राहुल बरही पहुंचे और पीड़ित अग्रवाल परिवार के घर जाकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।

अजय सिंह राहुल ने परिवार के छह सदस्यों, जिनमें दो माह का मासूम भी शामिल था, की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक घटना के लिए जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

मीडिया से चर्चा के दौरान जब उनसे पूछा गया कि प्रशासन ने 30 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, तो उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अजय सिंह राहुल ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सरकार से उम्मीद करना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले में जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने और कठोर कार्रवाई की मांग की।

पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के निवास भी पहुंचे

पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद अजय सिंह राहुल पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्गीय बाला प्रसाद वर्मा के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह, गणेश राव, ब्लॉक अध्यक्ष अंबिका द्विवेदी, संदीप बाजपेई, हर प्रसाद स्वर्णकार, सुरेंद्र दुबे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित बीतू शर्मा, लतीफ खान, गुड्डू सिंह, शरद द्विवेदी, राजेश वर्मा, राजकिशोर वर्मा, राजीव वर्मा, अजय वर्मा, ब्रजराज सिंह परमार, कौशल सिंह राजपूत, सोमनाथ मिश्रा, राजेंद्र सोनी, हरिशंकर पांडे और अशोक उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बरही अग्निकांड में छह लोगों की मौत के बाद नगर में शोक और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग लगातार तेज हो रही है। अब देखना होगा कि प्रशासनिक जांच के बाद जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर सरकार कब तक ठोस कदम उठाती है।