भंवरकुआं के गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग
धुएं के बीच जान बचाने के लिए भागीं छात्राएं; दमकल की एक गाड़ी ने पाया काबू
इंदौर। भंवरकुआं चौराहे पर स्थित विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल की इमारत में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय हॉस्टल में बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थीं। आग इमारत की बाहरी गैलरी में लगे विज्ञापन बोर्ड में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते वहां से ऊंची लपटें उठने लगीं। आग से निकला धुआं हॉस्टल के कमरों तक पहुंचा तो छात्राओं में दहशत फैल गई। स्थिति को भांपते हुए छात्राएं अपने कमरों से बाहर निकलीं और सुरक्षित स्थान की ओर नीचे भागने लगीं। आग इमारत के ऊपरी हिस्से में लगी थी, जबकि निचली मंजिलें इसकी चपेट में नहीं आईं। इससे छात्राओं को नीचे उतरने में अपेक्षाकृत आसानी रही।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल की एक गाड़ी की मदद से ही आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध नहीं मिले। हालांकि, समय रहते हॉस्टल में मौजूद सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना पर पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस घटना के बाद शहर के हॉस्टलों और अन्य व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच फिर से तेज किए जाने की संभावना है।
जांच अभियान के बावजूद इमारतों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
शहर में आगजनी की घटनाओं को रोकने और इमारतों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन पहले से जांच अभियान चला रहा है। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई भवनों को सील करने जैसी कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके बावजूद हादसों के समय अग्निशमन उपकरणों की अनुपलब्धता या उनके इस्तेमाल की व्यवस्था नहीं होने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में आग बुझाने की पूरी जिम्मेदारी फायर ब्रिगेड पर आ जाती है। विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल में हुई घटना ने एक बार फिर छात्रावासों सहित शहर की अन्य इमारतों में सुरक्षा मानकों के पालन और प्रशासनिक निगरानी की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड