CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS

कटनी, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक आदिवासी युवक के साथ शराब ठेकेदार के पुत्रों द्वारा की गई मारपीट के मामले में नया मोड़ आ गया है। दो दिन पहले अपने साथ अपहरण, बंधक बनाने और मारपीट का आरोप लगाने वाले आदिवासी युवक सुनील सिंह पिता कल्याण सिंह ठाकुर ने कल शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शपथ पत्र के माध्यम से अपने साथ इस तरह की किसी भी घटना से इंकार किया। उसका कहना था कि उसने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन कर लिया था। शराब पीने के बाद वह होश में नहीं था। जिसका फायदा उठाते हुए शराब ठेकेदार दिगपाल जायसवाल के कहने पर उसने अजाक थाने में अक्षय गुल्ली असाटी एवं राजुल असाटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। एसपी ऑफिस में मीडिया से बात करते हुए स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तेवरी निवासी सुनील सिंह पिता कल्याण सिंह ठाकुर ने कहा कि नशे की हालत में में गिर गया था, जिससे चोटें आई हैं। उसने यह भी बताया कि वह जिस कलारी में काम करता है, वह दिगपाल जायसवाल की है। नशे की हालत में शराब ठेकेदार और उसके कर्मचारी उसे रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए ले गए। आदिवासी युवक के इस बयान के बाद अब यह देखना है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।