गया, गया में पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीम ने शनिवार को बड़ी कामयाबी हासिल कर एक लाख के इनामी नक्सली मुन्ना रवानी उर्फ मुन्ना चंद्रवंशी उर्फ मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष भारती ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुन्ना रवानी दर्जनों नक्सली घटनाओं में वांछित था और काफी समय से फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि मुन्ना रवानी की गिरफ्तारी के लिए गया पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने मऊ थानाक्षेत्र के घिरसिंडी गांव में उसके घर पर छापेमारी की, जहां वह अपने परिवार से मिलने आया था। पुलिस की उपस्थिति को भांपते ही मुन्ना भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने उसे खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी 22 अप्रैल 2024 को धनगाई थानाक्षेत्र के सिमरौवा गांव में उसे पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब वह पुलिस पर फायरिंग कर जंगल और पहाड़ों की आड़ लेकर फरार हो गया था।
जानकारी के मुताबिक, मुन्ना रवानी पर गया जिले के कई थानों, जैसे कोंच, शेरघाटी, टिकारी और नवादा जिले के रजौली थाना में नक्सली कांड दर्ज हैं। इन मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने नक्सली दस्तावेज और कई खोखे भी बरामद किए हैं। 
नक्सली गतिविधियों पर लगेगा अंकुश
एसएसपी आशीष भारती ने कहा कि इस कुख्यात नक्सली की गिरफ्तारी से इलाके में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। क्षेत्र में पुलिस और अर्धसैनिक बलों द्वारा एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं, जिसके तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में एरिया डॉमिनेशन से लेकर कई कार्रवाइयां की जा रही हैं। इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी से नक्सली गतिविधियों में कमी आने की संभावना है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल करने में मदद मिलेगी।