शाकुम्बरी देवी का नवरात्र मेला नौ से शुरू
सीसीटीवी कैमरों से रहेगी मेले पर नजर
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, उत्तर भारत का प्रसिद्ध मां शाकुम्बरी देवी का हर वर्ष लगने वाला चैत्र नवरात्र का मेला नौ अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। प्रशासन ने मेले के प्रबंधन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मेला स्थल पर 45
उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 63 हेड कांस्टेबल, 132 कांस्टेबल, 50 महिला कांस्टेबल, 20 होम गार्ड, एक पलाटून पीएसी की तैनाती रहेगी, दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी। मेले में स्ट्रीट लाईट, 10 अस्थाई शौचालय, निःशुल्क पानी और दवाई की व्यवस्था रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। देवी मंदिर से एक किलोमीटर ऊपर बाढ़ की चौकी भी बनाई जाएगी।
मां शाकुम्बरी देवी का उल्लेख मार्कंडेय पुराण, पद्म पुराण, दुर्गा सप्तसती और कनकधारा स्रोत में मिलता हैं। धार्मिक ग्रंथों में मिले उल्लेख से पता चलता है कि बहुत पहले जब बहुत इलाके में बारिश ना होने से सूखा और अकाल पड़ गया था। तब लोगों ने देवी जगदंबा की तपस्या की थी। देवी ने प्रसन्न होकर नौ दिन-रात बारिश की। जिससे सूखे की हालत ठीक हुई और देवी की कृपा से पहाड़ियों पर प्रचुर मात्रा में साक, सब्जी, फल उत्पन्न हुए और लोगों को अन्न, जल, सुख-शांति प्राप्त हुई। उसके बाद आदिशक्ति दुर्गा को लोगों ने मां शाकुम्बरी का नाम दे दिया। तभी से हिंदू धर्म के श्रद्धालु देवी की पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। साल में तीन-चार बार मंदिर स्थल पर बड़े मेलों का आयोजन होता है। हालांकि वर्ष भर दूर-दराज के इलाकों से श्रद्धालुओं का मंदिर पर आना-जाना लगा रहता है।