नई दिल्ली, पीएम मोदी दो दिवसीय वाइब्रेंट गुजरात समिट में भाग लेने के लिए अहमदाबाद पहुंच गए हैं. उन्होंने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि मैं थोड़ी देर पहले अहमदाबाद पहुंचा. प्रधानमंत्री अगले दो दिनों में वाइब्रेंट गुजरात समिट और संबंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल और गवर्नर आचार्य देवव्रत ने किया. पीएम मोदी ने लिखा कि यह बेहद खुशी की बात है कि इस शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व के विभिन्न नेता हमारे साथ शामिल होंगे.

शेख मोहम्मद बिन जायद का आना बहुत खास

मोदी ने लिखा कि इस इवेंट में मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद का आना बहुत खास है. पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि वाइब्रेंट गुजरात समिट के साथ मेरा बहुत करीबी जुड़ाव है और मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि इस मंच ने गुजरात के विकास में कैसे योगदान दिया है और कई लोगों के लिए अवसर पैदा किए हैं.

इन उद्योगों पर होगा विषेश ध्यान

वाइब्रेंट गुजरात समिट में फ्यूचर टेक्नोलाॅजी से संबंधित उद्योगों को विषेश महत्व दिया जाएगा. इसमें सेमिकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, ई-मोबिलिटी और स्पेस टेक्नोलाॅजी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों को प्रोत्साहन मिलेगा. आगामी समिट से पहले लगभग 1,00,000 रजिस्ट्रेशन प्राप्त हो चुके हैं. 2019 में यह आंकड़ा 48,000 रजिस्ट्रेशन का था. वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की परिकल्पना 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में की गई थी.