नसीम शाह का छठे वनडे में वर्ल्ड रिकॉर्ड
कीवी बॉलर को छोड़ा पीछे, पाकिस्तान को मिली 500वीं जीत
नई दिल्ली, पाकिस्तान के युवा तेज गेंदबाज नसीम शाह (Naseem Shah) ने न्यूजीलैंड (PAK v NZ) के खिलाफ अपने नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कर लिया. नसीम ने रावलपिंडी में खेले गए 5 मैचों की सीरीज के पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में धारदार गेंदबाजी की. उन्होंने अपने 10 ओवर के कोटे में 29 रन देकर 2 विकेट चटकाए. पाकिस्तान ने इस मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया. बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम ने 5 मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे हो गई है.
नसीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने करियर का छठा वनडे इंटरनेशनल मैच खेल रहे थे. वह शुरुआती 6 वनडे में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उनके नाम 6 वनडे में 20 विकेट हो गए हैं. उन्होंने इस दौरान कीवी टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी (Matt Henry) का रिकॉर्ड ध्वस्त किया जिन्होंने 6 वनडे में 19 विकेट चटकाए थे. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान हैं जिन्होंने शुरुआती 6 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 18 विकेट लिए थे.
पाकिस्तान ने दर्ज की 500वीं जीत
पाकिस्तान ने इस मैच में 9 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की. न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 288 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान ने टीम ने फखर जमां के 117 रनों के दम पर 48.3 ओवर में 5 विकेट पर 291 रन बनाए. पाकिस्तान की यह वनडे क्रिकेट में 500वीं जीत है. सबसे ज्यादा वनडे जीत के मामले मे ऑस्ट्रेलिया 594 जीत के साथ नंबर वन पर है जबकि भारत 539 जीत के साथ दूसरे नंबर पर है. पाकिस्तान की टीम तीसरे नंबर पर काबिज है.
नसीम का क्रिकेट करियर
नसीम शाह ने 15 टेस्ट मैचों में 42 विकेट चटकाए हैं जबकि 6 वनडे में उनके नाम 20 विकेट दर्ज हैं. 20 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नसीम ने अभी तक 19 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 15 विकेट चटकाए हैं. नसीम को पिछले दिनों बलूचिस्तान पुलिस ने डीएसपी बनाया था. नसीम की तरह भारत में कई खिलाड़ियों को मानद उपाधि दी जा चुकीहै जिनमें कपिल देव, सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी शामिल हैं.