CURATED BY – YASHPAL SINGH JAT | CITYCHIEFNEWS

जैतहरी, 24 अगस्त 2024 – जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोलना में एक भीषण हत्या का मामला प्रकाश में आया, जिसमें मृतिका जानकी भरिया (26 वर्ष) का शव गांव के एक बाड़ी में मिला। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर इस अंधी हत्या का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को 23 अगस्त की सुबह 07 बजे ग्राम चोलना से सूचना मिली कि विजय बैगा की बाड़ी में एक महिला की सड़ी-गली लाश पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की शिनाख्त जानकी भरिया के रूप में की, जो कि ग्राम चोलना की निवासी थी। जांच के दौरान यह पता चला कि जानकी के पति, विजय बैगा, 21 अगस्त को सुबह घर पर ताला लगाकर अपने दो बच्चों के साथ अनूपपुर के लिए निकला था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पाया कि हत्या जानकी भरिया के घर में ही की गई थी। शव को बाड़ी में छिपाने की कोशिश की गई थी। गांव में पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि विजय बैगा शराब पीकर अक्सर अपनी पत्नी के साथ झगड़ा और मारपीट करता था। बच्चों ने भी बयान दिया कि 20 अगस्त को विजय बैगा ने अपनी पत्नी के साथ लाठी से मारपीट की थी।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पुष्टि की कि जानकी की मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई थी। पुलिस ने विजय बैगा के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान विजय बैगा ने अपराध स्वीकार कर बताया कि उसकी पत्नी ने शराब पी ली थी और दो दिन से खाना नहीं बनाया था, जिसके कारण उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। सिर में लगी चोट से जानकी की मौत हो गई, और डर के कारण उसने शव को बाड़ी में छिपा दिया और बच्चों को लेकर रामपुर खाड़ा चला गया।
इस जघन्य हत्या को सुलझाने और आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना जैतहरी के निरीक्षक आर. के. धारिया, उपनिरीक्षक अमरलाल यादव, सउनि रविशंकर गुप्ता, सउनि मणिराज सिंह, प्रधान आरक्षक 133 विनोद पटेल और म.प्र.आर. 146 लेखनवती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।