अहमदाबाद, पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटंस ने शनिवार को खेले गए आईपीएल 2025 के नौवें मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 36 रन से हराकर इस सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज कर ली. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मैच में मेजबान गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 196 रन का स्कोर बनाया और फिर मुंबई की टीम को 6 विकेट पर 160 रनों पर रोक दिया.

मुंबई इंडियंस की आईपीएल में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ चार मैचों में यह लगातार चौथी हार है. आईपीएल 2025 में दो मैचों में यह लगातार दूसरी हार है जबकि गुजरात की इस सीजन में दो मैचों में यह पहली जीत है.

गुजरात से मिले 197 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 8 रन के स्कोर पर ही रोहित शर्मा (8) और फिर 35 के स्कोर पर रियान रिकेल्टन (6) का विकेट गंवा दिया. दोनों को तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने क्लीन बोल्ड किया. मुंबई की टीम इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट खोती चली गई और फिर वो लक्ष्य से दूर रह गई.

मुंबई के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सर्वाधिक 48 और तिलक वर्मा ने 39 रन बनाए. बाकी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके. गुजरात टाइटंस की ओर से सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो जबकि कगिसो रबाडा और आर साई किशोर ने एक-एक सफलता हासिल की.

इससे पहले, साई सुदर्शन के अर्धशतक से गुजरात टाइटंस ने आठ विकेट पर 196 रन बनाए. सुदर्शन ने 41 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों से 63 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान शुभमन गिल (38) के साथ पहले विकेट के लिए 78 तथा जोस बटलर (39) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी करके टीम के लिए अच्छा मंच तैयार किया.

गिल ने 27 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा. शीर्ष तीन बल्लेबाजों के अलावा गुजरात के अन्य बल्लेबाजों को हालांकि रन बनाने के लिए जूझना पड़ा और सिर्फ शेरफेन रदरफोर्ड (18) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए.

मुंबई की ओर से कप्तान हार्दिक पंड्या सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 29 रन देकर दो विकेट चटकाए. ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, मुजीब उर रहमान और सत्यनारायण राजू को एक-एक विकेट मिला.