करुण नायर की आंधी के बावजूद हार से बच गई मुंबई इंडियन्स
इस सीजन दिल्ली की पहली हार
नई दिल्ली, साल 2022 के बाद आईपीएल में लौटे करुण नायर (Karun Nair) को इस सीजन पहली बार खेलने का मौका मिला था. करुण इस मौके की नजाकत को बखूबी समझते थे और इसलिए उन्होंने अपनी पहली ही पारी से यह दर्शा दिया कि वह प्लेइंग XI में लगातार खेलने के लिए कितने तैयार हैं. इस बल्लेबाज ने मुंबई जैसी धाकड़ टीम के खिलाफ 40 गेंदों में ताबड़तोड़ 89 रन ठोक दिए. 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली करुण की इस पारी की बदौलत मजबूत स्थिति में थी लेकिन मिडल ऑर्डर के लचर प्रदर्शन के चलते वह यह मैच 12 रनों से हार गई. पारी के 19वें ओवर में उसके पुछल्ले बल्लेबाजों ने रनआउट की हैट्रिक कराकर टीम को एक ओवर पहले ही हार के मुंह में धकेल दिया.
लेकिन दिल्ली की हार के बावजूद यह मैच अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर की वापसी के लिए याद किया जाएगा. हालांकि इस मैच से पहले अजेय चल रही दिल्ली को आखिरकार सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा. इस सीजन अपने पहले चारों मैच जीतकर इस सीजन पहली बार अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम पर खेल रही दिल्ली कैपिटल्स ने 206 रन के लक्ष्य के जवाब में एक समय 11वें ओवर में एक विकेट पर 119 रन बना लिए थे. लेकिन आखिरी 9 विकेट 53 गेंद और 74 रन के भीतर गंवा दिए. दिल्ली की टीम 19 ओवर में 193 रन पर आउट हो गई.
मुंबई इंडियंस के इंपैक्ट खिलाड़ी कर्ण शर्मा ने चार ओवर में 36 रन देकर तीन विकेट लिए, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. इस लेग स्पिनर ने अभिषेक पोरेल (25 गेंद में 33) , ट्रिस्टन स्टब्स (1) और फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (13 गेंद में 15) के कीमती विकेट लिए. आखिर में विपराज निगम (14) और आशुतोष शर्मा (17) ने टीम को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन मुंबई ने आखिरी ओवरों में जबर्दस्त फील्डिंग का प्रदर्शन करके तीन बल्लेबाजों को रन आउट कर सीजन की दूसरी जीत अपने नाम कर ली.
आशुतोष 19वें ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह को दो रन लेने के प्रयास में रन आउट हुए. अगली गेंद पर कुलदीप यादव और आखिरी गेंद पर मोहित शर्मा भी रन आउट हो गए. इससे पहले तिलक वर्मा के 33 गेंद में 59 और रियान रिकेलटन के 25 गेंद में 41 रन की मदद से मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 205 रन बनाए.
इस हार के बाद दिल्ली अब पांच मैचों में 8 अंक लेकर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर है जबकि सत्र में छह मैचों में दूसरी जीत के बाद मुंबई इंडियंस सातवें स्थान पर आ गई है. दिल्ली की शुरूआत काफी विस्फोटक रही जिसके सूत्रधार रहे नायर ने छठे ओवर में बुमराह को दो छक्के और एक चौका लगाने के बाद दो रन लेकर सिर्फ 22 गेंद में पचासा पूरा किया.
अभिषेक पोरेल ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 61 गेंद में 119 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी को कर्ण ने 11वें ओवर में तोड़ा जब पोरेल ने नमन धीर को कैच थमाया. पोरेल 25 गेंद में तीन चौकों और एक छक्के के साथ 33 रन बनाकर लौटे. नायर हालांकि शतक से 11 रन से चूक गए और 12वें ओवर में मिचेल सेंटनेर की गेंद पर बोल्ड होकर लौटे. उन्होंने अपनी यादगार पारी में 12 चौके और 5 छक्के लगाए.
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड