लखनऊ. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की एक बार फिर से कमान संभालने वाले करिश्माई कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) ने एक बार फिर इस सीजन में लड़खड़ा रही अपनी टीम को जीत की राह पर ला दिया है. धोनी ने इस मैच में अपनी रणनीति के साथ-साथ मैदान पर विकेटकीपिंग और बैटिंग में भी अपना चिर-परिचित अंदाज दिखाया. इस मैच में उन्होंने मैच में एक कैच, एक स्टंप और रन आउट किया, जबकि नंबर 7 पर बैटिंग करने उतरे धोनी ने सिर्फ 11 बॉल नाबाद 26 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल था. यह माही की मैच विनिंग पारी थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला.

जब धोनी को इस खिताब के लिए चुना गया तो वह भी इस पर हैरान रह गए. क्योंकि धोनी का मानना था कि इस मैच में सबसे ज्यादा इम्पैक्ट तो उनकी टीम के लेफ्टआर्म गेंदबाज नूर अहमद का था, जिन्हें भले ही कोई विकेट नहीं मिला लेकिन उन्होंने 4 ओवर की अपनी बॉलिंग में सिर्फ 13 रन ही खर्च किए. धोनी ने कहा, जब मैंने इस खिताब के लिए अपना नाम सुना तो मैं हैरान था और सोच रहा था, ‘वे आखिर मुझे क्यों अवॉर्ड दे रहे हैं? नूर ने वाकई शानदार गेंदबाजी की थी.’

इस जीत के बाद उन्होंने कहा, ‘मैच जीतना अच्छा है, जब आप ऐसा टूर्नामेंट खेलते हैं, आप मैच जीतना चाहते हैं. दुर्भाग्य से कई मैच (पहले वाले) हमारे ढंग से नहीं गए चाहे जो भी कारण हो. उसके कई कारण हो सकते हैं. जीत हमारे तरफ है यह अच्छा है. इससे पूरी टीम को विश्वास मिलता है और इससे हम जिन क्षेत्रों में सुधार करना चाहते हैं उसमें मदद मिलती है.’

43 साल के धोनी ने कहा, ‘सभी जानते हैं कि क्रिकेट में कोई चीज हमारे ढंग से नहीं होती है तो भगवान इसे मुश्किल बनाता है और यह भी मुश्किल मैच था. अगर आप पावरप्ले देखें तो भले ही जो भी हो संयोजन या परिस्थिति, हम बॉल के साथ संघर्ष कर रहे थे. और हम बतौर बल्लेबाजी इकाई के रूप में वैसी शुरुआत नहीं कर पा रहे थे, जैसी हम चाहते थे.’

इस मौके पर उन्होंने अश्विन के खेल पर भी बात की और कहा कि हम उन पर दबाव बना रहे थे. वह पहले 6 में 2 ओवर फेंक रहे थे. लेकिन हमने यहां बदलाव किए और अब यह शानदार अटैक लग रहा है.