कनकेश्वरी के दरबार पहुंचे मां राजराजेश्वरी के लाल
11वें वर्ष धूमधाम से निकली शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, शहर की खुशहाली, बेहतर बारिश और विश्व कल्याण की कामना से लगातार 10 सालों से निकल रही मां कनकेश्वरी भक्त मंडल की चुनरी यात्रा इस वर्ष भी सोमवार को धूमधाम और शान से निकली, जिसमें शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए दर्जनों स्थानों पर शहरवासियों और ग्रामीणों ने तरह-तरह की स्टॉल लगाकर उनकी सेवा की। वहीं कनकेश्वरी भक्त मंडल द्वारा भी माता को आस्था की चुनर ओढ़ाकर मंगल कामनाएं की। सोमवारिया बाजार स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर स्थित शीतला माता मंदिर में माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद कनकेश्वरी भक्त मंडल की पैदल यात्रा प्रारंभ हुई जो सोमवारिया बाजार से आजाद चौक, कसेरा बाजार, गिरवर, जादमी, भदौनी होती हुई गरबा व माता के जयकारे लगाते हुए माता के दरबार पहुंची। यहां सभी ने पहले माता के दर्शन किए। इसके बाद मां को चुनरी अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद महाआरती कर प्रसादी वितरण किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें न सिर्फ शहरवासी बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों व आसपास के जिलों से भी श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर विधायक अरूण भीमावद, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, किरणसिंह ठाकुर, यात्रा प्रभारी तुलसीराम भावसार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
स्वागत द्वार सजाकर किया भक्तों का स्वागत
चुनरी यात्रा में शामिल भक्तों को शहरवासियों ने शुभकामनाएं और स्वागत कर रवाना किया। सर्वप्रथम आजाद चौक स्थित माता जी की मंदिर समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। इसके बाद कसेरा बाजार, करेड़ी नाका, ग्राम जादमी, ग्राम भदौनी सहित करीब दो दर्जन स्थानों पर स्वागत किया गया और कई जगहों पर जलपान की व्यवस्था भी की गई थी, यहां से श्रद्धालु मां कनकेश्वरी के दरबार पहुंचे जहां मंदिर समिति व ग्रामीणों ने भी सभी पदाधिकारियों व श्रद्धालुओं का पुष्पहारों से स्वागत किया। इसके बाद सभी ने मंदिर में प्रवेश कर माता के दर्शन कर उन्हें चुनरी ओढ़ाई। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों सहित ग्रामीणों ने प्रसादी ग्रहण की।