'मिसाइल अटैक, लगातार बज रहे सायरन और...'
कैसे हैं ईरान में फंसे भारतीयों के हाल? छात्रों ने मदद की लगाई गुहार
शनिवार सुबह ईरान में तनाव उस समय बढ़ गया, जब इजरायल ने अचानक तेहरान पर हमले किए. राजधानी के कई इलाकों, खासकर उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. उस समय ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई कहां थे, इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है. इजरायली हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है. यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु हथियार को लेकर बात चल रही थी.
इजरायल में इमरजेंसी, एयरस्पेस बंद और फ्लाइट्स ठप
हमले के तुरंत बाद, इजरायल ने सुरक्षा कारणों से अपना एयरस्पेस बंद कर दिया और सभी नागरिक उड़ानों को रोक दिया गया है. बेन गुरियन एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के साथ भारतीय नागरिक भी फंस गए. कुछ यात्रियों ने बताया कि चेक-इन और लगेज जमा करने के बाद अचानक उड़ानें रोक दी गईं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अधिकारियों ने कहा कि हालात सामान्य होने पर ही उड़ानें शुरू होंगी और कम से कम 24 घंटे पहले सूचना दी जाएगी. इस बीच इजरायल में एयर रेड सायरन भी बज रहे हैं, क्योंकि हमलों की आशंका जताई जा रही है.
ईरान में फंसे भारतीय छात्र मांग रहे मदद
इस जंग में सबसे ज्यादा चिंता करने वाली बात ईरान में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की है. मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने गए हजारों छात्र फंस गए हैं. कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि लगातार एयरस्ट्राइक हो रही है और हर पल डर बना हुआ है. एक भारतीय छात्रा ने लाइव धमाकों के बीच वीडियो बनाकर कहा कि हालात तेजी से खराब हो रहे हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अगला हमला कहां होगा. छात्रों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से जल्द सुरक्षित निकासी की अपील की है. कुछ छात्रों का कहना है कि वे परीक्षा और यूनिवर्सिटी की अनुमति न मिलने की वजह से पहले देश नहीं छोड़ सके, लेकिन अब हालात उनके नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं.
भारतीयों की सुरक्षा बड़ी चुनौती, सरकार संपर्क में
ईरान में आधिकारिक अनुमान के मुताबिक, 10 हजार से ज्यादा भारतीय देश में रहते हैं. युद्ध शुरू होने के बाद अब उनके सामने सुरक्षा, खाने-पीने और बाहर निकलने जैसी समस्याएं पैदा हो गई हैं. भारत सरकार लगातार ईरानी और क्षेत्रीय अधिकारियों के संपर्क में है, ताकि जरूरत पड़ने पर विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा सके. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर तनाव और बढ़ता है तो बड़े स्तर पर निकासी अभियान शुरू किया जा सकता है.
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
भारतीय दूतावास ने हालात को देखते हुए नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की हैं, जिसमें…
सावधानी बरतने और बिना किसी काम के बाहर निकलने से बचने को कहा गया.
साथ ही लोकल न्यूज और आधिकारिक घोषणाओं पर नजर रखने को कहा.
इजरायल में रहने वाले भारतीयों को शेल्टर के पास रहने को कहा गया है.
सुरक्षा गाइडलाइन का पालन करने और इमरजेंसी अलर्ट पर ध्यान रखने की बात कही.
जरूरत पड़ने पर एंबेसी हेल्पलाइन नंबर +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359 पर तुरंत संपर्क करें.
सैन्य ठिकानों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने को कहा है.
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड